'पूर्व प्रधानमंत्री आईके गुजराल ने नोबेल पुरस्कार पाने के चक्कर में कराया फरक्का संधि'... संजय झा की चेतावनी- बिहार लेकर रहेगा पानी का हक

संजय झा ने पूर्व प्रधानमंत्री आईके गुजराल का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें किसी ने समझा दिया था कि फरक्का समझौता करने पर नोबेल पुरस्कार मिलेगा और इसी वजह से समझौता किया गया

Sanjay Jha Targets Farakka Treaty
Sanjay Jha Targets Farakka Treaty - फोटो : news4nation

Bihar News :  जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा ने गुरुवार को फरक्का संधि को बिहार के हितों से जुड़ा गंभीर मुद्दा बताते हुए इसे आगे नहीं बढ़ाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि फरक्का संधि के कारण बिहार के हिस्से का पानी बाहर जा रहा है और इसका असर राज्य में बाढ़ की स्थिति पर भी पड़ता है। संजय झा ने कहा कि 12 दिसंबर को यह संधि समाप्त हो रही है, इसलिए अब बिहार के हितों को ध्यान में रखकर इस पर फैसला होना चाहिए।


संजय झा ने पूर्व प्रधानमंत्री आईके गुजराल का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें किसी ने समझा दिया था कि फरक्का समझौता करने पर नोबेल पुरस्कार मिलेगा और इसी वजह से समझौता किया गया। उन्होंने कहा कि बिहार का पानी बांग्लादेश जा रहा है और इसे किसी भी हालत में बदला जाना चाहिए। अगर संधि आगे बढ़ती है तो पहले बिहार के हिस्से का पानी तय होना चाहिए, अन्यथा इसे आगे नहीं बढ़ाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि विपक्ष के लोग इस मुद्दे पर कुछ नहीं बोल रहे हैं, जबकि उन्हें जनता का पूरा समर्थन मिल रहा है।


बख्तियारपुर के नाम बदलने के पक्ष में नहीं नीतीश 

बख्तियारपुर का नाम बदलकर नीतीशपुर किए जाने की चर्चा पर संजय झा ने कहा कि वह नीतीश कुमार की भावना के साथ हैं। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार खुद कभी नाम बदलने के पक्ष में नहीं रहे हैं और वह काम के जरिए जवाब देते हैं। हालांकि, संजय झा ने इसे अपनी व्यक्तिगत राय बताया।


अनंत सिंह के बयान पर पार्टी का रुख साफ

मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह के जदयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार के विधान परिषद चुनाव में विरोध से जुड़े सवाल पर संजय झा ने कहा कि पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा पूरे मामले को देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी के सभी नेता चुनाव को लेकर एकजुट हैं।


तेजस्वी की विशेष मदद की मांग पर भी साधा निशाना

बाढ़ को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की केंद्र सरकार से विशेष मदद की मांग पर संजय झा ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि आज विपक्ष के नेता बाढ़ को लेकर सवाल उठा रहे हैं, लेकिन उनके समय जब बाढ़ आती थी तो वे जनता को मछली खिला रहे थे। संजय झा ने कहा कि बिहार सरकार बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए हर संभव कदम उठा रही है। 

रंजन की रिपोर्ट