Bihar News: कान में ईयरफोन लगाना पड़ा भारी, ट्रेन की चपेट में आने से 15 वर्षीय छात्र की हुई मौत
Bihar News: रेलवे ट्रैक के समीप मौजूद छात्र के कान में ईयरफोन लगा था, जिसके कारण उसे ट्रेन के आने की आहट और हॉर्न सुनाई नहीं दिया।
Bihar News: सारण के मढ़ौरा थाना क्षेत्र के मढ़ौरा रेलवे ढाला के समीप गुरुवार की सुबह एक दर्दनाक रेल हादसे में दसवीं कक्षा के 15 वर्षीय छात्र धीरज कुमार महतो की मौत हो गई। हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं और पूरे गांव को गमगीन कर दिया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक रेलवे ट्रैक के समीप मौजूद छात्र के कान में ईयरफोन लगा था, जिसके कारण उसे ट्रेन के आने की आहट और हॉर्न सुनाई नहीं दिया।
बताया गया कि धीरज मढ़ौरा उच्च विद्यालय में दसवीं कक्षा का छात्र था। गुरुवार सुबह करीब साढ़े सात बजे वह शौच के लिए रेलवे ट्रैक के समीप गया था। स्थानीय लोगों के अनुसार, वहां वह कान में ईयरफोन लगाकर फोन पर बात कर रहा था। इसी दौरान छपरा की ओर से ताप्ती गंगा एक्सप्रेस ट्रेन आ रही थी। ट्रेन नजदीक पहुंचने तक धीरज को खतरे का अंदाजा नहीं हो सका। ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
धीरज पकहां गांव निवासी राजमिस्त्री भीष्म महतो का सबसे छोटा बेटा था। वह अपने जुड़वां भाई नीरज के साथ परिवार की उम्मीदों का सहारा था। बताया जाता है कि धीरज पढ़ाई में काफी तेज और होनहार था। पिता मजदूरी कर बच्चों की पढ़ाई का खर्च उठाते थे और बेटे के बेहतर भविष्य को लेकर बड़े ख्वाब संजोए थे। लेकिन अचानक हुई मौत ने परिवार की तमाम उम्मीदों को मातम में बदल दिया।
घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। शव देखकर माता-पिता और अन्य रिश्तेदार सदमे में हैं। गांव में भी शोक का माहौल है।यह हादसा युवाओं के लिए गंभीर सबक है। रेलवे ट्रैक के आसपास मोबाइल फोन या ईयरफोन का इस्तेमाल जानलेवा साबित हो सकता है। जरा सी लापरवाही और क्षणभर की तवज्जो की कमी जिंदगी पर भारी पड़ सकती है।
धर्मेंद्र रस्तोगी की रिपोर्ट