लोकतंत्र की जीत: भाजपा में 'सेटिंग' नहीं 'समर्पण' चलता है, नितिन नवीन का चयन इसका जीता-जागता उदाहरण - संजय सरावगी

बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने नितिन नवीन द्वारा राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किए जाने को पार्टी के इतिहास में एक 'नए युग की शुरुआत' बताया है।

लोकतंत्र की जीत: भाजपा में 'सेटिंग' नहीं 'समर्पण' चलता है, न

Patna - बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने नितिन नवीन द्वारा राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किए जाने को पार्टी के इतिहास में एक 'नए युग की शुरुआत' बताया है। पटना में पत्रकारों से चर्चा करते हुए सरावगी ने कहा कि यह पल भाजपा की आंतरिक लोकतांत्रिक व्यवस्था और कार्यकर्ताओं को शीर्ष तक पहुँचाने की अटूट नीति का सबसे बड़ा उदाहरण है। उन्होंने जोर देकर कहा कि एक समर्पित कार्यकर्ता का इस पद तक पहुँचना पूरे संगठन के लिए सम्मान की बात है।

वंशवाद पर प्रहार और कार्यकर्ता का सम्मान 

संजय सरावगी ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि जहाँ अन्य दलों में वंशवाद की राजनीति के कारण केवल परिवार के सदस्यों को ही नेतृत्व का मौका मिलता है, वहीं भाजपा में हर कार्यकर्ता को परिवार का हिस्सा माना जाता है। उन्होंने कहा, "भाजपा न किसी एक जाति की है और न किसी एक परिवार की; यह करोड़ों कार्यकर्ताओं की पार्टी है। मेहनत और समर्पण के दम पर कोई भी सामान्य कार्यकर्ता शीर्ष पद तक पहुँच सकता है, यही भाजपा की परंपरा है।"

बिहार के लिए गौरवशाली पल 

नितिन नवीन के चयन को बिहार के लिए विशेष बताते हुए सरावगी ने कहा, "आज का दिन भारत की राजनीति के लिए बड़ा दिन है, लेकिन बिहार के लिए सबसे बड़ा दिन है।" उन्होंने गर्व व्यक्त किया कि नितिन नवीन पटना के रहने वाले हैं, जिससे बिहार के कार्यकर्ताओं की खुशी दोगुनी हो गई है। सरावगी ने विश्वास जताया कि कार्यकर्ताओं के बीच लोकप्रिय रहने वाले नितिन नवीन एक अत्यंत सक्षम और दूरदर्शी राष्ट्रीय अध्यक्ष साबित होंगे।

औपचारिक घोषणा का इंतजार 

प्रदेश अध्यक्ष ने जानकारी दी कि सोमवार को नामांकन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और मंगलवार को इसकी औपचारिक घोषणा की जाएगी। इसके बाद भाजपा को विधिवत नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल जाएगा। उन्होंने कहा कि 20 जनवरी का दिन संगठन के लिए ऐतिहासिक होगा जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में इस युवा नेतृत्व की आधिकारिक ताजपोशी होगी। सरावगी के अनुसार, इस फैसले से देश भर के युवाओं और जमीन से जुड़े कार्यकर्ताओं में नया उत्साह संचारित हुआ है।


Report - narrottam kumar