भाजपा के कार्यक्रम में स्कूली छात्राएं! पढ़ाई छोड़ सुना विधायक का भाषण, बवाल के बाद स्कूल प्रशासन और शिक्षा विभाग मौन
राजनीतिक कार्यक्रम में स्कूली छात्राओं की भागीदारी को लेकर शिक्षा विभाग की भूमिका पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। कार्यक्रम में बाढ़ के भाजपा विधायक डॉ. सियाराम सिंह, कुम्हरार विधायक संजय गुप्ता और भारतीय जनता युवा मोर्चा के सदस्य मौजूद थे।
Bihar News : पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल में भाजपा के ‘विकसित भारत युवा संवाद’ कार्यक्रम में स्कूली छात्राओं को शामिल किए जाने का मामला तूल पकड़ने लगा है। बाढ़ थाना क्षेत्र के चोंदी स्थित एक निजी सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में गर्ल्स हाई स्कूल की छात्राएं भी पहुंची थीं। बताया जा रहा है कि छात्राएं स्कूल की नियमित पढ़ाई छोड़कर कार्यक्रम में शामिल हुई थीं। अब सवाल उठ रहा है कि छात्राओं को स्कूल से इस कार्यक्रम में भेजने की अनुमति किसने दी थी? क्या इसके लिए शिक्षा विभाग के किसी अधिकारी या विद्यालय के प्राचार्य से मंजूरी ली गई थी?
कार्यक्रम में बाढ़ के भाजपा विधायक डॉ. सियाराम सिंह, कुम्हरार विधायक संजय गुप्ता और भारतीय जनता युवा मोर्चा के सदस्य मौजूद थे। राजनीतिक कार्यक्रम में स्कूली छात्राओं की भागीदारी को लेकर शिक्षा विभाग की भूमिका पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
मामले को लेकर जब बाढ़ के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (BEO) अमित कुमार से सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि इस संबंध में स्कूल से पूछ लीजिए। इसके बाद विद्यालय से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। शिक्षा अधिकारी और स्कूल प्रशासन की ओर से फिलहाल कोई स्पष्ट जवाब सामने नहीं आया है।
ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या छात्राओं को शैक्षणिक गतिविधि के तहत कार्यक्रम में शामिल किया गया था या उन्हें किसी के निर्देश पर स्कूल से बाहर भेजा गया? यदि अनुमति ली गई थी तो किस स्तर पर और किन शर्तों के तहत? फिलहाल इन सवालों का जवाब मिलना बाकी है।
रविशंकर की रिपोर्ट