पटना में सनसनीखेज वारदात: अवैध संबंध के विवाद में चाचा ने की भतीजे की गोली मारकर हत्या, आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

पटना के फुलवारीशरीफ में अवैध संबंध के विवाद में युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। हत्या का आरोप मृतक के चाचा पर लगा है। घटना के बाद से आरोपी फरार है, पुलिस उसकी तलाश मे जुटी है....

पटना में सनसनीखेज वारदात: अवैध संबंध के विवाद में चाचा ने की
चाचा ने की भतीजे की गोली मारकर हत्या- फोटो : सांकेतिक तस्वीर

Patna : राजधानी पटना के फुलवारीशरीफ थाना क्षेत्र के बभनपुरा गांव में मंगलवार को एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है। संपत्ति या अन्य पारिवारिक विवाद नहीं, बल्कि अवैध संबंध के खूनी विवाद में एक चाचा ने अपने ही 30 वर्षीय भतीजे दीपक कुमार (पिता- विंध्याचल शर्मा) की गोली मारकर हत्या कर दी है। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद आरोपी चाचा ललन शर्मा मौके से फरार हो गया है। घटना की सूचना मिलते ही फुलवारीशरीफ थाने की पुलिस दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी है।


चार वर्षों से चल रहा था विवाद, भतीजे की पत्नी से थे अवैध संबंध के आरोप

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक दीपक कुमार और उसके चाचा ललन शर्मा के बीच पिछले चार वर्षों से लगातार विवाद चल रहा था। इस मामले में आरोपी ललन शर्मा की पत्नी ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि उनके पति का अपने ही भतीजे की पत्नी के साथ अवैध संबंध था। इसी अवैध रिश्ते को लेकर परिवार में अक्सर कलह और कहासुनी होती रहती थी। परिजनों के अनुसार, इस रिश्ते को सुधारने और रोकने के लिए कई बार सामाजिक स्तर पर प्रयास भी किए गए थे, लेकिन आरोपी चाचा अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा था।


चार खोखे बरामद, पुलिस की ताबड़तोड़ छापेमारी जारी

स्थानीय लोगों के मुताबिक, आरोपी ललन शर्मा पेशे से बिल्डर का काम करता था। दिनदहाड़े हुई इस हत्या के बाद पूरे बभनपुरा गांव में भारी तनाव और सनसनी का माहौल व्याप्त है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से गोली के चार खाली खोखे (कारतूस के अवशेष) बरामद किए हैं। 


पुलिस फॉरेंसिक और तकनीकी साक्ष्य जुटाकर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वारदात में किस हथियार का इस्तेमाल किया गया था। फुलवारीशरीफ थाना पुलिस फरार आरोपी चाचा की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।