Bihar Politics: 'राहुल गांधी कांग्रेस नहीं हैं'...शकील अहमद का कांग्रेस नेता पर बड़ा हमला, घर पर हमला कराने का लगाया आरोप

Bihar Politics: पूर्व केंद्रीय मंत्री शकील अहम ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि राहुल गांधी कांग्रेस नहीं बस कांग्रेस के नेता हैं उनकी पार्टी से कोई और आ जाएगा तो उन्हें साइड कर दिया जाएगा।

शकील अहमद
शकील अहमद का बड़ा आरोप - फोटो : reporter

Bihar Politics:  पूर्व केंद्रीय मंत्री शकील अहमद के बयान से सियासी सरगर्मी हाई हो गई है। शकील अहमद ने आरोप लगाया है कि राहुल गांधी के इशारों पर उनके घर के बाहर पुतला दहन के बहाने उनपर हमला करने की साजिश की जा रही है। उनके इस आरोप से सियासी बवाल मचा हुआ है। इसी बीच जब News4Nation ने शकील अहमद से बातचीत की तो उन्होंने अपने आरोपों को एक बार फिर दोहराया और कहा कि युवा कांग्रेस की ओर आदेश जारी किया गया है कि मेरा पुतला दहन किया जाएगा। शकील अहमद ने कहा कि उनको पता है कि मैं यहां हूं और वो मुझ पर हमला करवाने के लिए ऐसी साजिश कर रहे हैं। 

शकील अहमद का आरोप 

शकील अहमद ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के आदेश पर युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता उनके खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। शकील अहमद ने दावा किया कि कांग्रेस के पुराने नेताओं ने उन्हें गुप्त रूप से सूचना दी है कि उनके पटना और मधुबनी स्थित आवास पर हमला हो सकता है। इसी आशंका के चलते उन्होंने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क कर दोनों जगहों पर सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है।

तीन पीढ़ियों से हैं कांग्रेसी

शकील अहमद ने स्पष्ट किया कि वे कांग्रेस पार्टी का नहीं, बल्कि राहुल गांधी का विरोध कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि, हम तीन पीढ़ियों से कांग्रेसी हैं और पार्टी के खिलाफ नहीं हैं।”उन्होंने यह भी कहा कि अगर नेहरू-गांधी परिवार का कोई दूसरा सदस्य कांग्रेस की कमान संभालता है तो राहुल गांधी पूरी तरह साइडलाइन हो जाएंगे और उनका कोई राजनीतिक वजूद नहीं बचेगा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी कांग्रेस नहीं हैं बल्कि कांग्रेस के मात्र एक शीर्ष नेता हैं।

राजेश राम पर पलटवार 

वहीं प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम द्वारा लगाए गए उस आरोप पर भी शकील अहमद ने पलटवार किया, जिसमें कहा गया था कि बिना संघर्ष किए उन्हें कांग्रेस में पद मिला। इस पर शकील अहमद ने तंज कसते हुए कहा कि पिता के सहारे दो टर्म विधायक रहना और प्रदेश अध्यक्ष रहते हुए विधायक की हार झेलना, इससे बड़ा कांग्रेस के लिए अफसोस और क्या हो सकता है। हालांकि उन्होंने कहा कि अपने पद को बचाने के लिए राजेश राम उनके खिलाफ बयान दे रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस सांसद अखिलेश सिंह का समर्थन करते हुए कहा कि वे एक अच्छे नेता थे, लेकिन चुनाव से ठीक पहले उन्हें अध्यक्ष पद से हटा दिया गया, जो पार्टी के लिए नुकसानदायक साबित हुआ।

दूसरी पार्टी में जाएंगे शकील अहमद ?

दूसरे दल में जाने के सवाल पर शकील अहमद ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से उनके रिश्ते अच्छे हैं, लेकिन वे कहीं नहीं जा रहे हैं और कांग्रेस में ही रहेंगे। विधानसभा चुनाव में मिली करारी हार को लेकर उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान “क्षणिक लाभ” के लिए राहुल गांधी ने सवर्ण समाज के खिलाफ बयानबाजी की, जिसका खामियाजा पार्टी को भुगतना पड़ा। शकील अहमद ने दावा किया कि एक ब्राह्मण विधायक उनके पास आकर रो पड़ा था और कहा था कि परिवार पहले से ही लालू यादव के साथ गठबंधन के कारण नाराज है, ऊपर से राहुल गांधी की सवर्ण विरोधी राजनीति ने स्थिति और बिगाड़ दी। “ऐसे में हम कहां जाएं?”। 

पटना से नरोत्तम की रिपोर्ट