अनंत सिंह की बेटी की शाही शादी के बीच शिवानंद तिवारी का तंज, 'गरीबों का मजाक, अश्लील प्रदर्शन'

शिवानंद तिवारी का कहना है कि ऐसे समारोहों में शामिल होकर जनप्रतिनिधि अनजाने में ही धन के इस प्रदर्शन को सामाजिक और सार्वजनिक वैधता प्रदान करते हैं। अश्लीलता पर ताली बजाना ही हमारे सामाजिक चरित्र का हिस्सा बनता जा रहा है।

Shivanand Tiwari
Shivanand Tiwari - फोटो : news4nation

Bihar News :  बिहार देश के सबसे गरीब राज्यों में शामिल है। यहां बड़ी-बड़ी सड़कें बन रही हैं और विकास के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन बच्चों में कुपोषण और गरीबी की समस्या अब भी गंभीर बनी हुई है। ऐसे राज्य में शादी के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च कर धन और वैभव का प्रदर्शन करना गरीबों के जले पर नमक छिड़कने जैसा है। यह टिप्पणी राजद के वरिष्ठ नेता और पूर्व राज्यसभा सांसद शिवानंद तिवारी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए की है। हालांकि उन्होंने अपनी पोस्ट में किसी का नाम नहीं लिया है, लेकिन उनके इस बयान को मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी की प्रस्तावित शादी से जोड़कर देखा जा रहा है।


शिवानंद तिवारी ने अपनी पोस्ट में बिहार की गरीबी और शाही शादी के तामझाम के बीच विरोधाभास को उठाया है। उन्होंने लिखा है कि बिहार के 40 से 45 प्रतिशत बच्चों को पर्याप्त पोषण नहीं मिल पाता। बच्चों की लंबाई उम्र के हिसाब से नहीं बढ़ती और लंबाई के अनुपात में उनका वजन भी नहीं होता। इसके बावजूद एक शादी के नाम पर जिस तरह धन और वैभव का प्रदर्शन किया जा रहा है, वह उन्हें अश्लील लगता है। उन्होंने इसे बिहार की गरीबी का मजाक उड़ाने और गरीबों के जले पर नमक छिड़कने जैसा बताया है।


मंत्रियों और बड़े नेताओं की मौजूदगी पर भी सवाल

राजद नेता ने अपने पोस्ट में शादी समारोह में बड़े नेताओं, मंत्रियों और संभवतः मुख्यमंत्री की मौजूदगी को लेकर भी टिप्पणी की है। उनका कहना है कि ऐसे समारोहों में शामिल होकर जनप्रतिनिधि अनजाने में ही धन के इस प्रदर्शन को सामाजिक और सार्वजनिक वैधता प्रदान करते हैं। उन्होंने समाज की बदलती प्रवृत्ति पर सवाल उठाते हुए लिखा कि अश्लीलता पर ताली बजाना ही हमारे सामाजिक चरित्र का हिस्सा बनता जा रहा है।


अनंत सिंह की बेटी की है शाही शादी  

शिवानंद तिवारी की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है, जब मोकामा के विधायक अनंत सिंह की बेटी का विवाह समारोह 25 नवंबर को आयोजित होने वाला है। इस शादी को लेकर बड़े स्तर पर तैयारियां किए जाने की चर्चा है। समारोह में करीब चार से पांच लाख लोगों के लिए भोजन और अन्य व्यवस्थाएं किए जाने का दावा किया जा रहा है।


शादी समारोह में घुड़दौड़ का आयोजन भी प्रस्तावित बताया जा रहा है। चर्चा है कि प्रतियोगिता के विजेता को थार गाड़ी पुरस्कार के रूप में दी जाएगी। इसके अलावा फिल्मी कलाकारों और देश के अलग-अलग राज्यों से कई चर्चित नेताओं के पहुंचने की भी चर्चा है। बिहार की सत्ता और विपक्ष के कई नेताओं को भी समारोह का निमंत्रण दिए जाने की बात सामने आई है।


हालांकि शिवानंद तिवारी ने अपनी पोस्ट में अनंत सिंह या उनकी बेटी की शादी का सीधे तौर पर उल्लेख नहीं किया है, लेकिन पोस्ट के समय और उसमें उठाए गए मुद्दों के कारण इसे इसी विवाह समारोह के संदर्भ में देखा जा रहा है।