शिवराज सिंह चौहान को मिली बिहार के सीएम तय करने की जिम्मेदारी, भाजपा ने बनाया पर्यवेक्षक

एनडीए में सभी दलों के बीच बेहतर समांजस्य बनाने और भाजपा में मुख्यमंत्री पद के दावेदारों के बीच समन्वय बनाने के लिए शिवराज सिंह चौहान को बड़ी जिम्मेदारी दी गई है।

Shivraj Singh Chouhan
Shivraj Singh Chouhan - फोटो : news4nation

Bihar News : बिहार में चल रहे सियासी उथल पुथल के बीच अगले मुख्यमंत्री का नाम तय करने के लिए भाजपा ने रविवार को बड़ा फैसला लेते हुए केन्द्रीय पर्यवेक्षक के नाम की घोषणा की। भारतीय जनता पार्टी के संसदीय बोर्ड ने बिहार में पार्टी विधायक दल के नेता के चुनाव हेतु  केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान जो मोदी मंत्रिमंडल में केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण, ग्रामीण विकास मंत्री हैं, को केन्द्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है।


दरअसल, नई सरकार के गठन और सीएम नीतीश के इस्तीफे को लेकर कयासों के बाजार गर्म है। इसी बीच देर रात दिल्ली में बड़ी बैठक हुई है। माना जा रहा है कि अब बीजेपी के सीएम का नाम तय हो चुका है बस ऐलान करना ही शेष है। सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार शनिवार की देर रात गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बिहार बीजेपी के प्रभारी विनोद तावड़े के साथ मीटिंग की। बंद कमरे में देर रात यह बैठक हुई है। जिसमें संगठन से जुड़े अन्य नेता भी शामिल थे। 


देर रात हुई बड़ी बैठक, सीएम तय 

सूत्रों के अनुसार, इस बैठक में बिहार में नई सरकार के गठन और मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इससे पहले शुक्रवार को ही विनोद तावड़े ने बिहार बीजेपी के कई प्रमुख नेताओं सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा, नित्यानंद राय, संजय सरावगी, दिलीप जायसवाल और संजय जायसवाल से अलग-अलग मुलाकात कर उनकी राय जानी थी। बताया जा रहा है कि इन बैठकों में मिली प्रतिक्रियाओं को विनोद तावड़े ने दिल्ली में शीर्ष नेतृत्व के सामने रखा। इसके आधार पर मुख्यमंत्री के नाम पर सहमति बनाने की कोशिश की जा रही है।


बीजेपी के पर्यवेक्षक आएंगे बिहार 

माना जा रहा है एनडीए में सभी दलों के बीच बेहतर समांजस्य बनाने और भाजपा में मुख्यमंत्री पद के दावेदारों के बीच समन्वय बनाने के लिए शिवराज सिंह चौहान को बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। वे अगले 24 घंटे में पटना आ सकते हैं। उनकी मुलाकात मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सहित जदयू के कुछ शीर्ष नेताओं से हो सकती है। वहीं बिहार में भाजपा के नेताओं को भी भरोसे में लेते हुए अगले सीएम के नाम की घोषणा शिवराज सिंह चौहान कर सकते हैं।