Bihar Politics: बाढ़ पर श्रवण कुमार का विपक्ष पर तंज, बोले- नेता प्रतिपक्ष जनता की परेशानी देखें और सरकार को सुझाव दें

Bihar Politics: ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि जहां भी लोग बाढ़ से प्रभावित हैं, वहां प्रशासन की ओर से लगातार बचाव और राहत का काम चल रहा है।

Bihar Politics: बाढ़ पर श्रवण कुमार का विपक्ष पर तंज, बोले-
बाढ़ पर श्रवण कुमार का विपक्ष पर तंज- फोटो : reporter

Bihar Politics:बिहार में बाढ़ से प्रभावित इलाकों में जारी राहत और बचाव कार्यों को लेकर ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि जहां भी लोग बाढ़ से प्रभावित हैं, वहां प्रशासन की ओर से लगातार बचाव और राहत का काम चल रहा है। सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं, ताकि प्रभावित लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो।

मंत्री श्रवण कुमार ने नेता प्रतिपक्ष को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष को भी राज्य के अलग-अलग इलाकों में घूमकर जमीनी हकीकत देखनी चाहिए। जहां जनता को दिक्कत और परेशानी हो रही है, वहां की स्थिति से सरकार को अवगत कराने के साथ बेहतर व्यवस्था के लिए सुझाव भी देना चाहिए। उन्होंने कहा कि आपदा की इस घड़ी में राजनीति से ऊपर उठकर जनता की मदद पर ध्यान देना जरूरी है।

दिल्ली में इमारत गिरने की घटना पर मंत्री ने दुख जताते हुए कहा कि यह बेहद दर्दनाक हादसा है। उन्होंने हादसे में प्रभावित लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की और भगवान से प्रार्थना की।

बिहार में जर्जर और असुरक्षित इमारतों के सवाल पर श्रवण कुमार ने कहा कि सरकार इस मुद्दे को गंभीरता से ले रही है। बिल्डिंग बायलॉज को लेकर बैठक की जा चुकी है और लोगों से सुझाव भी लिए जा रहे हैं, ताकि भवन निर्माण से जुड़े नियमों को और बेहतर बनाया जा सके।

वहीं एमएलसी चुनाव और अनंत सिंह से जुड़े सवाल पर मंत्री ने कहा कि इस संबंध में पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष और उनके नेता नीतीश कुमार विशेष तौर पर जानकारी देंगे। उन्होंने साफ कहा कि पार्टी में किसी तरह की दिक्कत या परेशानी नहीं है। सभी नेता आपस में मिलकर पार्टी के साथ-साथ एनडीए को भी मजबूती से चला रहे हैं।

रिपोर्ट- अभिजीत सिंह