श्याम रजक ने अपराधियों को दी बिहार छोड़ने की चेतावनी... नहीं तो पुलिस करेगी ...

पटना सहित बिहार के अलग अलग जिलों में पिछले कुछ दिनों के दौरान हत्या सहित जघन्य अपराध की बढ़ती घटनाओं के बाद राज्य में सत्ताधारी एनडीए गठबंधन के प्रमुख सहयोगी जदयू के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री श्याम रजक ने अपराधियों को बड़ी चेतावनी दी है.

Shyam Rajak
Shyam Rajak - फोटो : news4nation

Bihar News :  पटना में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं को लेकर जेडीयू विधायक और पूर्व मंत्री श्याम रजक ने रविवार को गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने पटना में गैराज मालिक की गोली मारकर हत्या किए जाने की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए पुलिस से अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। श्याम रजक ने कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र में ही एक गैराज मालिक को बीती रात गोली मार दी गई, जिससे उसकी मौत हो गई। उन्होंने कहा कि इस तरह की हत्या बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और अपराधियों के खिलाफ अब कठोर कार्रवाई जरूरी है।


उन्होंने कहा, "अपराधियों का अब एक ही इलाज है। या तो उन्हें बिहार छोड़ना पड़ेगा या फिर जेल जाना होगा। जरूरत पड़ी तो सरकार और पुलिस कार्रवाई के दूसरे पहलुओं पर भी विचार करेगी।" जेडीयू विधायक ने कहा कि बिहार में कानून का राज है, लेकिन अपराध की घटना हुई है तो इसे स्वीकार करना होगा। उन्होंने कहा कि यह चिंता का विषय है और पुलिस को अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की जरूरत है।


विधान परिषद चुनाव में NDA में दिक्कत नहीं

बिहार विधान परिषद की आठ सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर बीजेपी की ओर से चार उम्मीदवार तय किए जाने के सवाल पर श्याम रजक ने कहा कि एनडीए पूरी तरह एकजुट है। उन्होंने दावा किया कि आठों सीटों पर एनडीए उम्मीदवारों की जीत होगी। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने अपने उम्मीदवार तय कर लिए हैं और जल्द ही इसकी आधिकारिक घोषणा कर दी जाएगी। श्याम रजक ने कहा कि सभी उम्मीदवार मजबूत हैं और एनडीए चुनाव जीतने की तैयारी में है।


अनंत सिंह के विरोध से नीरज कुमार पर असर नहीं

विधान परिषद चुनाव को लेकर अनंत सिंह और जेडीयू नेता नीरज कुमार के बीच कथित विवाद तथा अनंत सिंह के समर्थित अनुज सिंह को जन सुराज का उम्मीदवार बनाए जाने के सवाल पर श्याम रजक ने कहा कि उनकी पार्टी में नीरज कुमार को किसी तरह का विवाद नहीं है। नीरज कुमार के पक्ष में पूरा एनडीए है। उन्होंने नीरज कुमार की जीत का भरोसा जताते हुए कहा कि जेडीयू पूरी तरह एकजुट है और पार्टी चुनाव जीतने के लिए तैयार है। उन्होंने अनंत सिंह के समर्थन और अनुज सिंह की उम्मीदवारी को लेकर कहा कि कौन किसका समर्थन कर रहा है, इससे उनकी पार्टी के चुनावी समीकरण पर कोई असर नहीं पड़ेगा।


बाढ़ के अलर्ट पर सरकार की तैयारी का दावा

बिहार में फिर से बाढ़ के अलर्ट को लेकर श्याम रजक ने कहा कि सरकार और प्रशासन पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने कहा कि पिछली बार भी बाढ़ के दौरान प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई गई थी और इस बार भी स्थिति खराब होने पर सरकार लोगों की मदद करेगी। तेजस्वी यादव के सरकार के पास पर्याप्त पैसा नहीं होने के आरोप पर श्याम रजक ने कहा कि अगर उन्हें ऐसा लगता है तो वे सूचना के अधिकार के तहत जानकारी ले सकते हैं। उन्होंने कहा कि इससे उन्हें पता चल जाएगा कि बिहार सरकार के पास कितनी राशि उपलब्ध है।

अभिजीत की रिपोर्ट