Bihar News: हम आतंकवादी नहीं हैं...सीवान के -AK-47 विवाद पर पटना की सड़कों पर छात्रों का गुस्सा, वाटर कैनन की बौछारों के बीच जम कर किया डांस...चलो लो गोली, डरेंगे नहीं, रोजगार दो
Bihar News: सीवान में छात्र पर AK-47 से फायरिंग के मामले को लेकर उठा सियासी और छात्र आंदोलन का तूफान अब राजधानी पटना तक पहुंच गया है।...
Bihar News: सीवान में छात्र पर AK-47 से फायरिंग के मामले को लेकर उठा सियासी और छात्र आंदोलन का तूफान अब राजधानी पटना तक पहुंच गया है। मंगलवार को पेपर लीक, रोजगार और सीवान में छात्रों पर एके 47 से कथित फायरिंग प्रकरण में कार्रवाई की मांग को लेकर बड़ी संख्या में छात्र मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने निकले। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए बैरिकेडिंग की और हालात बिगड़ने पर इनकम टैक्स चौराहे पर वाटर कैनन का इस्तेमाल किया, लेकिन प्रदर्शनकारी पीछे हटने के बजाय सड़क पर डटे रहे।

जेपी गोलंबर और इनकम टैक्स चौराहे पर उस समय तनावपूर्ण माहौल बन गया, जब छात्रों ने पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की। कुछ प्रदर्शनकारी बैरिकेड्स पर चढ़ गए, कई छात्र सड़क पर लेटकर विरोध जताने लगे, जबकि कुछ ने पानी की तेज बौछारों के बीच ही नाचकर अपना प्रतिरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन के दौरान छात्रों के नारे सबसे ज्यादा चर्चा में रहे। कई छात्र बैरिकेडिंग पर बैठकर कहते रहे, "हम आतंकवादी नहीं हैं, जो पुलिस AK-47 चलाती है।"

प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांग थी कि सीवान की घटना में यदि किसी स्तर पर पुलिस की ओर से नियमों के विपरीत बल प्रयोग हुआ है, तो इसकी निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार वरिष्ठ अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए। साथ ही पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने और पूरे मामले की जवाबदेही तय करने की मांग भी उठाई गई। इसके अलावा छात्रों ने पेपर लीक की घटनाओं पर रोक लगाने और युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की मांग दोहराई।
पुलिस और छात्रों के बीच हल्की धक्का-मुक्की भी हुई, लेकिन हालात को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षा बल लगातार मोर्चे पर डटे रहे। राजधानी की सड़कों पर कई घंटों तक आंदोलन और पुलिस की घेराबंदी के कारण तनाव का माहौल बना रहा।

सीवान की घटना ने अब केवल एक जिले का मामला नहीं रहकर राज्यव्यापी छात्र असंतोष का रूप ले लिया है। फिलहाल संबंधित मामले की जांच और प्रशासनिक कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है। ऐसे में आंदोलन और आरोपों के बीच अब सबकी नजर सरकार की अगली कार्रवाई और जांच के नतीजों पर टिकी है।
