पटना में सामाजिक सशक्तिकरण पहल: जरूरतमंद महिलाओं को दिए गए घरेलू उपकरण, स्वरोजगार को बढ़ावा
Bihar News : बिहार की राजधानी पटना में शुक्रवार को सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में एक सराहनीय पहल देखने को मिली। सामाजिक कार्यकर्ता गौरव राय द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत बिग्रहपुर इलाके में जरूरतमंद महिलाओं और बच्चों के बीच उपयोगी सामान का वितरण किया गया।
इस कार्यक्रम में पूनम देवी को कैसरोल, निशा को मिक्सी ग्राइंडर, राखी को गैस चूल्हा, पिंकी देवी को इलेक्ट्रिक केतली और इशू कुमार को आयरन दिया गया। साथ ही दो बच्चियों को कपड़े भी वितरित किए गए। कार्यक्रम का आयोजन ऑल इंडिया वुमेंस कांफ्रेंस (AIWC) और दिल्ली वुमेंस लीग के सहयोग से किया गया।
कार्यक्रम की कोषाध्यक्ष सुषमा भारद्वाज का स्वागत गौरव राय ने पुष्प देकर किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि सुषमा भारद्वाज हमेशा महिलाओं के उत्थान के लिए सक्रिय रही हैं और सिलाई मशीन अभियान में भी उनका महत्वपूर्ण सहयोग रहा है।
सुषमा भारद्वाज ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से जुड़कर उन्हें खुशी मिलती है और भविष्य में भी वे जरूरतमंद महिलाओं व बच्चों की शिक्षा में सहयोग करती रहेंगी। वहीं प्रिया गौतम ने इस पहल को बड़े स्तर पर आयोजित करने की जरूरत बताई और कहा कि इससे महिलाओं में आत्मनिर्भरता बढ़ रही है।
कार्यक्रम में प्रसार भारती के तकनीकी सदस्य राजीव भारद्वाज भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं के स्वरोजगार को बढ़ावा मिल रहा है, जिसे और प्रोत्साहित करने की आवश्यकता है। इस अवसर पर रामनिवास, चंदन कुमार, चंदन कुमार सिंह और राहुल समेत कई लोग उपस्थित रहे।