पटना प्रमंडल आयुक्त का सख्त निर्देश, थानों और ओपी में अनिवार्य रूप से क्रियाशील रहें सीसीटीवी कैमरे
आगामी पर्व त्योहार में पटना प्रमंडल में विधि-व्यवस्था को लेकर प्रमंडलिय आयुक्त राजेश कुमार ने समीक्षा बैठक की। इस बैठक में पटना नगर निगम की महापौर सीता साहू समेत कई अधिकारी मौजूद रहे......
Patna : पटना प्रमंडल के आयुक्त राजेश कुमार ने सरकार के निर्देशों के आलोक में सभी थानों और आउटपोस्ट (ओपी) में सीसीटीवी कैमरों की स्थिति की उच्चस्तरीय समीक्षा की। उन्होंने पटना प्रमंडल के सभी जिला पदाधिकारियों (DM) तथा वरीय पुलिस अधीक्षकों (SSP) व पुलिस अधीक्षकों (SP) को निर्देश दिया कि जिन थानों एवं ओपी में अभी तक सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं, वहां अविलंब कैमरे स्थापित किए जाएं। वहीं, आगामी त्योहारों के प्रारंभ होने से पूर्व खराब पड़े कैमरों, बैटरी बैकअप तथा अन्य तकनीकी खामियों को संबंधित एजेंसी से समन्वय स्थापित कर तत्काल दुरुस्त कराने का आदेश दिया गया है।
निगरानी एवं तकनीकी जांच हेतु नोडल अधिकारी होंगे तैनात
सीसीटीवी कैमरों के नियमित रखरखाव और फुटेज की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए प्रमंडलीय आयुक्त ने एक विशेष प्रशासनिक व्यवस्था बनाने का निर्देश दिया है। इसके तहत हर जिले में एनआईसी (NIC) के तकनीकी पदाधिकारी के साथ एक नोडल अधिकारी नामित किया जाएगा। नामित अधिकारी समय-समय पर सभी कैमरों की वास्तविक स्थिति, कार्यशीलता और फुटेज रिकॉर्डिंग की जांच कर नियमित रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे। साथ ही, पुलिस अधिकारियों को भी अपने स्तर से उपकरणों की नियमित समीक्षा करने को कहा गया है।
नगर निगम क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरों की भी होगी समीक्षा
प्रमंडलीय आयुक्त ने पटना नगर निगम क्षेत्र में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की भी गहन समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि नगर निगम अथवा किसी अन्य एजेंसी द्वारा शहर भर में लगाए गए सभी कैमरों को पूर्णतः चालू स्थिति में रखा जाए। खराब कैमरों एवं उनसे संबंधित उपकरणों की तत्काल मरम्मत कराई जाए तथा उनकी नियमित निगरानी और रख-रखाव की प्रभावी व्यवस्था कायम की जाए ताकि शहरी सुरक्षा तंत्र में कोई सेंध न लग सके।
सुरक्षा, पारदर्शिता और अपराध नियंत्रण पर विशेष जोर
बैठक के दौरान आयुक्त राजेश कुमार ने कहा कि सीसीटीवी प्रणाली जनहित और जनसुरक्षा से जुड़ी एक अत्यंत महत्वपूर्ण व्यवस्था है। इसके माध्यम से आम नागरिकों की सुरक्षा व सुविधा को बेहतर बनाने, आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा पुलिस व प्रशासनिक कामकाज में पारदर्शिता सुनिश्चित करने में बड़ी सहायता मिलती है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को इस व्यवस्था को पूरी गंभीरता, मुस्तैदी और जवाबदेही के साथ बनाए रखने का निर्देश दिया।
समीक्षा बैठक में कई वरिष्ठ अधिकारी रहे उपस्थित
प्रमंडलीय आयुक्त कार्यालय में आयोजित इस महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में मुख्य रूप से पटना नगर निगम की महापौर सीता साहू, आयुक्त के सचिव विनय कुमार ठाकुर सहित पुलिस और प्रशासन के अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे। बैठक में सभी उपस्थित अधिकारियों को त्योहारों के मद्देनजर दिए गए निर्देशों का त्वरित पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है।
अनिल की रिपोर्ट