बेगूसराय में महिला डॉक्टर पर एसिड अटैक: तीन महीने से कर रहा था पीछा, आरोपी गिरफ्तार

बेगूसराय जिले से एक बड़ी घटना सामने आई है, जहां एक महिला डॉक्टर पर एसिड अटैक हुआ है। पुलिस ने इस मामले मे त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है.....

बेगूसराय में महिला डॉक्टर पर एसिड अटैक: तीन महीने से कर रहा
बेगूसराय में महिला डॉक्टर पर एसिड अटैक- फोटो : अजय शास्त्री

Begusrai : जिले में महिला सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। नगर थाना क्षेत्र के हर्रख मोहल्ले में एक महिला डॉक्टर पर एसिड से हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता की पहचान डॉ. सुनीति कुमारी के रूप में हुई है, जो पोखरिया मोहल्ले में 'लक्ष्य हॉस्पिटल' का संचालन करती हैं। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए समस्तीपुर जिले के रहने वाले आरोपी गौतम झा को गिरफ्तार कर लिया है।


अस्पताल से घर लौटने के क्रम में हुई वारदात

मिली जानकारी के अनुसार, 12 अक्टूबर की रात डॉ. सुनीति कुमारी अपने अस्पताल से ड्यूटी समाप्त कर घर लौट रही थीं। इसी दौरान हर्रख मोहल्ले में प्रवेश करते समय पीछे से उन पर एसिड की बोतल फेंकी गई। हालांकि बोतल जमीन पर गिर गई, लेकिन उसमें मौजूद एसिड के छींटे महिला डॉक्टर के शरीर पर पड़ गए, जिससे उन्हें मामूली चोटें आईं। घटना के तुरंत बाद उन्हें सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया।


तीन महीने से पीछा करने और तस्वीरें खींचने का आरोप

पीड़ित महिला डॉक्टर ने पुलिस को दिए अपने बयान में गंभीर आरोप लगाया है कि आरोपी पिछले करीब तीन महीने से लगातार उनका पीछा कर रहा था। आरोपी चुपके से मोबाइल से उनकी तस्वीरें भी खींचता था। बताया जा रहा है कि आरोपी महिला डॉक्टर के अस्पताल के ठीक बगल में दुकान चलाता था। पुलिस अब इस बात की गहराई से छानबीन कर रही है कि आरोपी ने इस कायराना हरकत को क्यों अंजाम दिया और इसके पीछे उसकी मुख्य मंशा क्या थी।


सदर डीएसपी-1 ने की गिरफ्तारी की पुष्टि

सदर डीएसपी-1 प्रशांत कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि नामजद आरोपी गौतम झा को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस इस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है। हालांकि, महिला डॉक्टर के पति के साथ लंबे समय से पारिवारिक विवाद होने की बात भी सामने आई है, लेकिन इस विवाद का एसिड हमले से कोई सीधा संबंध है या नहीं, इसकी पुष्टि अभी जांच के बाद ही हो सकेगी।


सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम और आगे की कार्रवाई

इस दुस्साहसिक घटना के बाद पीड़िता की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन ने उन्हें सुरक्षा गार्ड उपलब्ध करा दिया है। साथ ही, अस्पताल परिसर में भी सुरक्षा के मद्देनजर महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। बेगूसराय की इस घटना ने एक बार फिर कामकाजी महिलाओं और डॉक्टरों की सुरक्षा पर गंभीर चिंताएं बढ़ा दी हैं। पुलिस फिलहाल आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने और मामले के अन्य पहलुओं को खंगालने में जुटी है।


अजय शास्त्री की रिपोर्ट