बिहार स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय के बाहर छात्रों का जोरदार प्रदर्शन, पुलिस से झड़प में SHO समेत 3 पुलिसकर्मी घायल
राजधानी पटना से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां बिहार स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय के बाहर छात्रों के प्रदर्शन दौरान पुलिस के साथ बड़ी झड़प हुई है। इस झड़प में जक्कपुर थाना के एसएचओ समेत 3 पुलिसकर्मी घायल हुए है....
Patna : राजधानी पटना के जक्कनपुर थाना क्षेत्र स्थित बिहार स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय (BUHS) के बाहर रिजल्ट में गड़बड़ी, परीक्षा में देरी और सत्र पिछड़ने को लेकर छात्रों का प्रदर्शन मंगलवार को भी जारी रहा। विरोध प्रदर्शन के दौरान छात्रों और पुलिस के बीच तीखी झड़प हो गई, जिसमें कुछ छात्र तथा जक्कनपुर SHO ऋतुराज सिंह, कॉन्स्टेबल जितेंद्र कुमार और कॉन्स्टेबल सुमन कुमारी घायल हो गए। हंगामे के दौरान आक्रोशित भीड़ ने सड़क से गुजर रही कई गाड़ियों के शीशे भी तोड़ दिए।
कैंपस में व्यापक तोड़फोड़, कर्मचारी ने 600 छात्रों पर लगाया आरोप
विश्वविद्यालय के एक कर्मचारी के अनुसार, करीब 600 की संख्या में पहुंचे छात्रों ने पूरे कैंपस में जमकर उत्पात मचाया। क्लास रूम से लेकर ऊपरी मंजिलों तक में तोड़फोड़ की गई। वहीं, प्रदर्शनकारी छात्रों ने पुलिस पर लाठीचार्ज का आरोप लगाते हुए कहा कि वे केवल अपनी जायज मांगें रखने आए थे, लेकिन उनकी बात सुनने के बजाय बल प्रयोग किया गया। फिलहाल प्रशासनिक अधिकारी और भारी पुलिस बल मौके पर तैनात हैं।
3 साल पीछे चल रहा शैक्षणिक सत्र, गांधी मैदान में गूंजी छात्रों की आवाज
यूनिवर्सिटी कैंपस के अलावा गांधी मैदान में भी मेडिकल, पैरामेडिकल, ANM और GNM के छात्रों ने अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की। छात्रों का कहना है कि सत्र करीब तीन साल पीछे चल रहा है और फीस में लगातार बढ़ोतरी की जा रही है, जिससे उनके भविष्य पर संकट मंडरा रहा है। पटना विश्वविद्यालय छात्र संघ के अध्यक्ष शंतनु शेखर ने प्रदर्शन स्थल पहुंचकर छात्रों की मांगों का समर्थन किया और समाधान होने तक संघर्ष जारी रखने का भरोसा दिया।
5 अंक ग्रेस देने और निजी कॉलेजों की उच्चस्तरीय जांच की मांग
पारा मेडिकल एसोसिएशन ऑफ बिहार के प्रदेश अध्यक्ष भारत भूषण ने मांग की है कि 0.5 से लेकर 5 अंकों से अनुत्तीर्ण हुए सैकड़ों छात्रों को नियमानुसार ग्रेस अंक देकर पास किया जाए। उन्होंने छात्रों को RTI के जरिए उत्तर पुस्तिकाएं देखने की सलाह दी। साथ ही आरोप लगाया कि कई निजी कॉलेज पढ़ाई कराने के बजाय छात्रों को पास कराने का ठेका लेते हैं और मोटी रकम वसूलते हैं; ऐसे संस्थानों की उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए।
विश्वविद्यालय परिसर में सुरक्षा सख्त, स्थिति तनावपूर्ण
घटना के बाद से विश्वविद्यालय परिसर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है। पुलिस अधिकारी मामले को शांत कराने और प्रदर्शनकारी छात्रों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं। हालांकि, रिजल्ट में सुधार, समय पर परीक्षा और ग्रेस मार्क्स की मांगों को लेकर छात्रों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
रंजीत की रिपोर्ट