Bihar News : सहकारी मॉडल पर सकरी और रैयाम में स्थापित होंगी चीनी मिलें, विकास आयुक्त ने एनएफसीएसएफ और इंडियन पोटाश लिमिटेड के अधिकारियों के साथ की बैठक

Bihar News : सहकारी मॉडल पर सकरी और रैयाम में स्थापित होंगी

PATNA : राज्य में बंद चीनी मिलों के पुनरुद्धार और नई चीनी मिलों की स्थापना को लेकर विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को एक उच्चस्तरीय बैठक हुई, जिसमें सहकारी मॉडल के माध्यम से राज्य के गन्ना किसानों और उद्यमियों के हित में नई चीनी मिलें स्थापित करने को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।

जल्द बनेगा डीपीआर

बैठक में राष्ट्रीय सहकारी शक्कर कारखाना संघ लिमिटेड (एनएफसीएसएफ) नई दिल्ली के प्रबंध निदेशक ने बिहार सरकार द्वारा चीनी उद्योग के पुनरुद्धार के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते आश्वासन दिया कि राज्य में चीनी मिल स्थापित करने में वह पूरा सहयोग करेंगे। उन्होंने कहा कि एनएफसीएसएफ राज्य सरकार के सहयोग से शीघ्र ही  चीनी मिलों का डीपीआर प्रस्तुत करेगा। वहीं इंडियन पोटास लिमिटेड के क्षेत्रीय प्रबंधक ने सहकारी-सह-निजी (कोऑपरेटिव-कम-प्राइवेट) मॉडल के तहत चीनी मिलों की स्थापना करने का प्रस्ताव रखा।

सकरी–रैयाम में सहकारी चीनी मिलों की स्थापना की प्रक्रिया तेज

बैठक के दौरान विकास आयुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सकरी (मधुबनी) एवं रैयाम (दरभंगा) में सहकारी मॉडल पर चीनी मिलों की स्थापना की प्रक्रिया को प्राथमिकता देते हुए त्वरित गति से आगे बढ़ाया जाए। उन्होंने सहकारिता विभाग के सचिव को निर्देश दिया कि राष्ट्रीय सहकारी शक्कर कारखाना संघ लिमिटेड के साथ समन्वय कर आवश्यक कार्रवाई शीघ्र सुनिश्चित की जाए। बैठक में बसंतकालीन एवं शरदकालीन बुआई सत्र में गन्ना उत्पादन बढ़ाने की रणनीति तथा वर्षा ऋतु के दौरान जल-जमाव की समस्या के समाधान पर भी चर्चा की गई, ताकि प्रस्तावित चीनी मिलों के लिए पर्याप्त गन्ना आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके। 

बैठक में ये भी रहे मौजूद

बैठक में गन्ना उद्योग विभाग के अपर मुख्य सचिव के. सेंथिल कुमार, योजना एवं विकास विभाग के प्रधान सचिव मयंक वरवडे, सहकारिता विभाग के सचिव धर्मेंद्र सिंह, लघु जल संसाधन विभाग के सचिव बी. कार्तिकेय धनजी, गन्ना आयुक्त अनिल कुमार झा सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।