Bihar News: धरती पर पावन मिलन के बाद विदाई की बेला, बड़ी और छोटी देवी का खोइछा मिलन का अलौकिक क्षण, श्रद्धालुओं ने नम आंखों से दी मां भवानी को विदाई
Bihar News: बड़ी और छोटी देवी का खोइछा मिलन का अलौकिक क्षण आधी रात को पटना में देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने नम आंखों से माँ भवानी को विदाई दी। धरती पर इस पावन मिलन के बाद विदाई दी गई।

Bihar News: विजयदशमी के दिन पटना सिटी में मारूफगंज व महराजगंज की देवी जी का खोइछा मिलन समारोह का दृश्य अद्भुत होता है। जिसको देखने के लिए दूर दराज से लाखों लोग पहुँचते हैं। वहीं दो देवियों का मिलन देख लोगों की आंखें भर जाती है। बताया जाता है कि सैकड़ों वर्ष पुरानी प्रथा है जिसको निभाने के लिए दो देवियों का मिलन कराया जाता है। ऐसी मान्यता है कि मारूफगंज की बड़ी देवी जी बड़ी बहन है और महराजगंज की देवी जी छोटी बहन है।
दो बहनों की अलौकिक क्षण
दशहरा की विजयादशमी शोभायात्रा के दिन जब मारुफगंज व महाराजगंज की देवी जी विसर्जन के लिए निकल कर अशोक राजपथ के रास्ते पुराने सिटी कोर्ट के पास पहुंचती हैं तो यहां पर दोनों बहनों के बीच खोंइछा का अदला बदली होता है फिर दोनों बहनों की भव्य आरती उतारी जाती है। फिर यही से शुरू होता है माता की अंतिम विदाई। प्रतिमा के साथ चल रहे दोनों तरफ के पुजारी विधि विधान से खोंइछा की अदला -बदली कराते है। इस दृश्य को देख लोगों की आंखें नम हो जाती हैं।
श्रद्धालुओं ने नम आंखों से दी विदाई
विसर्जन के लिए पहले मारुफगंज की बड़ी देवी जी फिर इनके पीछे महाराजगंज की देवी जी यहां से भद्रघाट की ओर बढ़ती हैं। बताया जाता है कि अगर महाराजगंज की देवी जी पहले सिटी कोर्ट के पास पहुंच जाती है तो वहां पर मारुफगंज की देवी जी के आने तक रुकी रहती हैं और अगर मारुफगंज की देवी जी पहले वहां पर पहुंच जाती है तो वे भी महाराजगंज की देवी जी का आने तक का इंतज़ार करती हैं। दोनों प्रतिमाओं के बीच खोंइछा की अदला-बदली के बाद विसर्जन के लिए आगे बढ़ती है।
पटना से रजनीश की रिपोर्ट