पटना के एक और होस्टल में छात्रा की मौत, छत से गिरी नीचे, CCTV में दिखे दो युवक; हत्या की आशंका

पटना के जानीपुर में हॉस्टल की छत से गिरकर एक युवती की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है, वहीं CCTV में दिखे दो संदिग्धों ने पुलिस की चुनौती बढ़ा दी है।

पटना के एक और होस्टल में छात्रा की मौत, छत से गिरी नीचे, CCT

Patna - राजधानी के फुलवारीशरीफ स्थित जानीपुर थाना क्षेत्र में एक निजी हॉस्टल में रह रही युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवती की पहचान हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करने वाली छात्रा के रूप में हुई है, जिसकी लाश संदिग्ध हालत में बरामद की गई। परिजनों का आरोप है कि यह महज कोई हादसा नहीं बल्कि सोची-समझी साजिश के तहत की गई हत्या है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। 

CCTV फुटेज ने बढ़ाई उलझन, दो संदिग्ध दिखे

घटनास्थल के पास से पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण CCTV फुटेज मिले हैं, जिसने मामले को और अधिक रहस्यमयी बना दिया है। फुटेज में घटना के वक्त दो संदिग्ध युवक दिखाई दे रहे हैं। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि उन युवकों का हॉस्टल में प्रवेश कैसे हुआ और उनका मृतका से क्या संबंध था। इन फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपियों की शिनाख्त करने में जुटी है। 

पुलिस की कार्रवाई: एक हिरासत में, जांच जारी

मामले की गंभीरता को देखते हुए जानीपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को हिरासत में लिया है। पुलिस उससे कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि घटना की कड़ियों को जोड़ा जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वे तकनीकी साक्ष्यों और कॉल डिटेल्स की भी जांच कर रहे हैं। 

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए एम्स (AIIMS) पटना भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, मौत की असली वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी। फिलहाल, पुलिस 'हादसा बनाम हत्या' के एंगल पर अपनी तफ्तीश केंद्रित कर रही है।

रिपोर्ट - अनिल कुमार