Bihar News: कटिहार में हाजत में बंद कैदी की संदिग्ध मौत मामले में बड़ी कार्रवाई, थानाध्यक्ष सहित दो पुलिसकर्मी निलंबित, परिजनों का आरोप

Bihar News: कटिहार में पुलिस हाजत में बंद कैदी की संदिग्ध मौत के बाद बड़ी कार्रवाई की गई है। पुलिस ने थानाध्यक्ष सहित दो पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है।

सस्पेंड
थानाध्यक्ष सहति दो निलंबित - फोटो : social media

Bihar News:  बिहार के कटिहार जिले के फलका थाना में हाजत में बंद एक कैदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए फलका थानाध्यक्ष समेत दो पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। मृतक की पहचान गोपालपट्टी निवासी 24 वर्षीय राकेश कुमार यादव उर्फ कैलू यादव के रूप में हुई है। उसे लूट के एक मामले (फलका थाना कांड संख्या-36/26) में शुक्रवार रात पुलिस ने गिरफ्तार कर थाना हाजत में रखा था।

पुलिसा का दावा- आत्महत्या का किया प्रयास

पुलिस के अनुसार, हाजत में बंद रहने के दौरान आरोपी ने कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। इसके बाद उसे तुरंत फलका प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां से बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल कटिहार रेफर किया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं, इस घटना को लेकर परिजनों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि पुलिस ने युवक को हिरासत में बेरहमी से पीटा, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई और अंदरूनी चोटों के कारण उसकी मौत हो गई।

परिजनों का दावा- पुलिस ने पीट-पीटकर की हत्या

घटना की खबर फैलते ही इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने फलका बाजार को बंद कर आगजनी और सड़क जाम करते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। हालात को काबू करने पहुंची पुलिस टीम को भी विरोध का सामना करना पड़ा और स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को पीछे हटना पड़ा।

थानाध्यक्ष सहित 2 निलंबित 

फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल कटिहार भेज दिया गया है। मामले की जांच अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर-2) द्वारा की जा रही है। कटिहार पुलिस अधीक्षक ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फलका थानाध्यक्ष और संबंधित केस के अनुसंधानकर्ता को निलंबित कर दिया है तथा आगे की कार्रवाई जारी है। वहीं पुलिस परिजनों को समझाने की कोशिश कर रही है। 

कटिहार से श्याम की रिपोर्ट