'मुझे कुछ हुआ तो सम्राट चौधरी जिम्मेदार'... तेज प्रताप यादव ने वापस की अपनी सभी सुरक्षा व्यवस्थाएँ, लालू-राबड़ी पहले ही लौटा चुके हैं सुरक्षा

Tej Pratap Yadav
Tej Pratap Yadav- फोटो : news4nation

Tej Pratap Yadav : लालू यादव परिवार के सदस्यों को मिली सरकारी सुरक्षा में हाल के दिनों में हुई कटौती के बाद इसके खिलाफ अनोखा प्रतिरोध जारी है. पहले लालू-राबड़ी ने अपनी सुरक्षा लौटाई और अब तेज प्रताप यादव ने भी अपनी सभी सुरक्षा व्यवस्थाएँ वापस करने का ऐलान किया है. लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव अपनी अलग पार्टी बना चुके हैं लेकिन वे अपने माता-पिता से मिलते रहते हैं. अब उन्होंने लालू-राबड़ी के समर्थन में सुरक्षा लौटने की घोषणा की है. 


तेज प्रताप यादव के सोशल मीडिया पेज से इसकी जानकारी दी गई है. इसमें लिखा गया है कि 'जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष माननीय श्री तेज प्रताप यादव जी ने अपनी सभी सुरक्षा व्यवस्थाएँ वापस कर दी हैं। बताया जा रहा है कि यह मामला पहले से ही बिहार सरकार के संज्ञान में था। बिहार से बाहर रहने के कारण उन्हें सुरक्षा प्राप्त थी, लेकिन बिहार लौटते ही उन्होंने स्वयं अपनी सारी सुरक्षा वापस कर दी। अब ऐसे में उनकी सुरक्षा और किसी भी अप्रिय घटना की जवाबदेही सरकार की होगी। लोकतंत्र में विपक्ष के नेताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार का दायित्व है।'


दरअसल, न सिर्फ सुरक्षा बल्कि बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री और विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी को पटना स्थित 10 सर्कुलर रोड सरकारी आवास खाली करने के लिए राज्य सरकार और जिला प्रशासन द्वारा दी गई समयसीमा आज यानी सोमवार 15 जून को समाप्त हो रही है। ऐसे में अब तेज प्रताप यादव की इस घोषणा को बिहार सरकार के खिलाफ लालू परिवार के विरोध की रणनीति का हिस्सा ही माना जा रहा है.