वैशाली में निर्माणाधीन पुल का लॉन्चर गिरने पर बरसे तेजस्वी यादव, 'भ्रष्टाचार के बोझ से फिर गिरा पुल'

वैशाली के लालगंज में भारतमाला परियोजना के तहत एनएचएआई के NH-139W फोरलेन पर पुल निर्माण का काम चल रहा है। निर्माण स्थल पर लॉन्चर गिरने से वहां मौजूद कुछ श्रमिक घायल हो गए।

 bridge collapse in Vaishali
bridge collapse in Vaishali- फोटो : news4nation

Bihar News :  वैशाली के लालगंज में निर्माणाधीन पुल का लॉन्चर गिरने की घटना को लेकर बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए हादसे को भ्रष्टाचार से जोड़ते हुए एनडीए सरकार पर हमला बोला। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि घटिया निर्माण सामग्री, खराब गुणवत्ता, मानकों की अनदेखी और जांच में कथित अनियमितताओं के कारण बिहार में लगातार पुल गिरने की घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकार मामले में लीपापोती करेगी।


तेजस्वी यादव ने पोस्ट में लिखा कि “बिहार में फिर एक पुल गिरा!” उन्होंने दावा किया कि वैशाली में निर्माणाधीन पुल गिरने से करीब आधा दर्जन मजदूरों के दबने और घायल होने की खबर है तथा कुछ घायलों की स्थिति गंभीर है।


लालगंज में लॉन्चर शिफ्टिंग के दौरान हुआ हादसा

दरअसल, वैशाली के लालगंज में भारतमाला परियोजना के तहत एनएचएआई के NH-139W फोरलेन पर पुल निर्माण का काम चल रहा है। 10 सितंबर को लॉन्चर शिफ्टिंग की प्रक्रिया के दौरान एक अनपेक्षित घटना हुई। निर्माण स्थल पर लॉन्चर गिरने से वहां मौजूद कुछ श्रमिक घायल हो गए।


हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज किया गया। शुरुआती मीडिया रिपोर्टों में घायलों की संख्या आठ तक बताई गई थी।


NHAI की ओर से आया स्पष्टीकरण

घटना के बाद परियोजना से जुड़े अधिकारियों की ओर से जारी स्पष्टीकरण में कहा गया कि लॉन्चर शिफ्टिंग के दौरान हुई घटना में पुल के स्ट्रक्चर को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, हादसे में कार्यस्थल पर मौजूद चार श्रमिक घायल हुए हैं। सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।


परियोजना टीम के मुताबिक घायलों के स्वास्थ्य की लगातार निगरानी की जा रही है। वहीं, हादसे के कारणों और निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर जांच की जा रही है। इस घटना को लेकर अब राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। तेजस्वी यादव ने जहां इसे भ्रष्टाचार से जोड़कर सरकार को घेरा है, वहीं परियोजना पक्ष ने स्पष्ट किया है कि घटना में पुल के मुख्य स्ट्रक्चर को नुकसान नहीं पहुंचा है।

रंजन की रिपोर्ट