Bihar Politics: दिल्ली में दोबारा हो विधानसभा चुनाव! तेजस्वी यादव ने कर दी बड़ी मांग, केजरीवाल के बरी होने पर बीजेपी को खूब सुनाया

Bihar Politics: दिल्ली में एक बार फिर विधानसभा चुनाव कराई जाए। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने दिल्ली रवाना होने से पहले पटना एयरपोर्ट पर बड़ी मांग की है। उन्होंने बीजेपी पर जमकर भड़ास भी निकाला है।

तेजस्वी यादव
तेजस्वी की बड़ी मांग - फोटो : reporter

Bihar Politics: दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट ने पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया सहित 23 लोगों को बाइज्जत बरी किया है। कथित शराब घोटाला मामले में कोई भी सबूत ना पेश कर पाने पर सीबीआई को कोर्ट ने फटकार भी लगाया है। वहीं अब इस मामले में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बड़ा बयान दिया है। जस्वी यादव ने कहा कि विपक्षी नेताओं पर राजनीतिक द्वेष के तहत मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। उनका आरोप था कि केंद्र सरकार एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है और चुनावी लाभ के लिए विपक्ष को निशाना बनाया जा रहा है।

दिल्ली में फिर से हो चुनाव 

उन्होंने कहा कि कोर्ट में साफ हो गया है कि मामला झूठा था। साथ ही उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि CBI की कार्रवाई किस आधार पर की गई। तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा का “चाल, चरित्र और चेहरा” अब सामने आ गया है। उन्होंने कहा कि विपक्षी नेताओं को बदनाम करने की राजनीति की जा रही है। तेजस्वी यादव ने कहा कि अगर केजरीवाल को बेवजह मुकदमों में फंसाया गया और इसका असर चुनाव परिणाम पर पड़ा, तो दिल्ली में दोबारा चुनाव कराने पर विचार होना चाहिए, ताकि जनता सही मुद्दों पर फैसला कर सके।

मेरे परिवार पर भी लगाया जा रहा इल्जाम 

उन्होंने अपने परिवार पर लगे आरोपों का भी जिक्र किया और कहा कि IRCTC से जुड़े मामले में अब तक किसी घोटाले की पुष्टि नहीं हुई। “लैंड फॉर जॉब” मामले में भी रेलवे ने आधिकारिक रूप से किसी घोटाले की बात नहीं मानी। कई मामलों में जांच एजेंसियों द्वारा क्लोजर रिपोर्ट या क्लीन चिट दी जा चुकी है। तेजस्वी यादव ने दावा किया कि तीन बार जांच में राहत मिलने के बावजूद चौथी बार फिर से मामला उठाया गया, जो राजनीतिक प्रेरित प्रतीत होता है।

हर प्लेटफॉर्म पर लड़ेंगे

तेजस्वी यादव ने कहा कि वे अदालत से लेकर जनता के बीच तक हर मंच पर लड़ाई लड़ेंगे और उन्हें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है। उन्होंने कहा कि अंततः सच की जीत होगी। यह पूरा विवाद सिर्फ एक नेता या एक राज्य तक सीमित नहीं है, बल्कि केंद्र और विपक्ष के बीच चल रही राजनीतिक और कानूनी टकराव की बड़ी तस्वीर को भी दर्शाता है। 

दिल्ली रवाना हुए तेजस्वी 

दरअसल, तेजस्वी यादव आज दिल्ली के लिए रवाना हुए इस दौरान उन्होंने ये बातें कही। तेजस्वी यादव ने आईआरसीटीसी घोटाला, लैंड फॉर जॉब मामले में भी सीबीआई की कार्रवाई को राजनीतिक साजिश करार दिया। तेजस्वी ने कहा कि सीबीआई 3 बार जांच कर चुकी है। विजिलेंस डिपार्टमेंट भी जांच कर चुकी है लेकिन हर जगह से हमे क्लीन चिट ही मिली है। उन्होंने कहा कि बिना किसी सबूत और गवाह के बीजेपी केस करवाती है। उन्होंने कहा कि अंत में उन्हें भी न्याय मिलेगा। वहीं राज्यसभा चुनाव को लेकर तेजस्वी ने कहा कि, उनकी पार्टी भी चुनाव लड़ेगी। बातचीत चल रही है।  

पटना से रंजीत की रिपोर्ट