'बिहार की बाढ़ को राष्ट्रीय आपदा घोषित करे केंद्र' तेजस्वी यादव का सरकार पर हमला
तेजस्वी यादव ने कहा कि बाढ़ और सुखाड़ से बिहार की जनता परेशान है, लेकिन डबल इंजन की सरकार कुछ नहीं कर रही है।
Bihar News : बिहार में बाढ़ और सुखाड़ की स्थिति को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर केंद्र और राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने बिहार की बाढ़ को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने के साथ प्रभावित किसानों और लोगों के लिए आर्थिक सहायता की मांग की। इससे पहले भी तेजस्वी यादव केंद्र से बाढ़ को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने और विशेष आर्थिक पैकेज देने की मांग कर चुके हैं।
तेजस्वी यादव ने कहा कि बाढ़ और सुखाड़ से बिहार की जनता परेशान है, लेकिन डबल इंजन की सरकार कुछ नहीं कर रही है। उन्होंने दावा किया कि बड़ी संख्या में लोग प्रभावित हैं और राहत कार्यों के लिए सरकार के पास पर्याप्त फंड नहीं है। नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि फंड की कमी के कारण कम्युनिटी किचन चार दिनों में बंद कर दिए गए और राहत शिविर भी बंद कर दिए गए। उन्होंने सवाल उठाया कि आपदा के समय लोगों को मिलने वाला पैसा और राहत कहां जा रही है।
तेजस्वी यादव ने कहा कि बजट में आपदा प्रभावित लोगों के लिए चार प्रतिशत राशि निर्धारित की गई थी। उन्होंने सरकार से सवाल किया कि क्या बजट की चार प्रतिशत राशि का इस्तेमाल आपदा प्रभावित लोगों के लिए किया गया? उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार उधार लेकर चलाई जा रही है और आपदा के समय इस्तेमाल होने वाला इमरजेंसी फंड भी प्रभावित लोगों तक नहीं पहुंच रहा है।
प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर खर्च को लेकर सवाल
तेजस्वी यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर दीये जलाने के कार्यक्रम को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि करीब 100 करोड़ रुपये दीये जलाने में खर्च किए गए, जबकि बिहार के बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत की जरूरत थी। इस मुद्दे पर उनके इसी तरह के आरोप पहले भी सामने आए हैं। उन्होंने केंद्र की ओर से भेजी गई टीम पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि टीम बिहार आई, फोटो शूट कराकर चली गई। उन्होंने केंद्र से बाढ़ के साथ-साथ बिहार में सुखाड़ की स्थिति का भी जायजा लेने के लिए टीम भेजने की मांग की।
पीएम केयर फंड और केंद्र से मांगा जवाब
तेजस्वी यादव ने कहा कि केंद्र सरकार को बताना चाहिए कि PM CARES Fund से बिहार के बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए कितना पैसा दिया गया है। उन्होंने प्रधानमंत्री से बिहार के साथ कथित भेदभाव को लेकर जवाब मांगा। उन्होंने कहा कि बिहार में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं, केंद्र में बिहार से कई मंत्री हैं और बड़ी संख्या में NDA के सांसद हैं। ऐसे में उन्होंने सवाल उठाया कि क्या वे प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और कृषि मंत्री से बिहार आने और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने के लिए कह सकते हैं।
किसानों को ₹15 हजार सहायता देने की मांग
तेजस्वी यादव ने सरकार के सामने कई मांगें रखीं। उन्होंने कहा कि सुखाड़ से प्रभावित प्रत्येक किसान को 15 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाए। इसी तरह बाढ़ से प्रभावित किसानों को भी 15 हजार रुपये दिए जाएं।
उन्होंने केंद्र सरकार से बिहार की बाढ़ को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने और प्रभावित लोगों के लिए पर्याप्त राहत राशि उपलब्ध कराने की मांग दोहराई। इससे पहले 7 सितंबर को भी तेजस्वी यादव ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर बाढ़ को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने और बिहार के लिए 5,000 करोड़ रुपये की तत्काल आर्थिक सहायता की मांग की थी।
रंजन की रिपोर्ट