Dussehra: तेजस्वी यादव का सरकार पर तीखा हमला, दशानन को जलाने का लिया संकल्प!
Dussehra: विजयादशमी के पावन अवसर पर बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने दशहरा की शुभकामनाएं देते हुए राज्य की बदहाली, बेरोजगारी, गरीबी, पलायन और बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला है।...
Dussehra: विजयादशमी के पावन अवसर पर बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने दशहरा की शुभकामनाएं देते हुए राज्य की बदहाली, बेरोजगारी, गरीबी, पलायन और बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला है। तेजस्वी यादव ने बिहार की समस्याओं की तुलना रावण के दस सिरों से करते हुए कहा कि बेरोजगारी, अशिक्षा, गरीबी, पलायन, अपराध, भ्रष्टाचार, अफसरशाही, बाढ़, सुखाड़ और कुशासन रूपी दशानन बिहार को अंदर से खोखला कर रहा है। उन्होंने आह्वान किया कि इस दशहरा इन बुराइयों के खात्मे का संकल्प लिया जाए।

तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया पर अपने संदेश में विजयादशमी को बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की जीत का प्रतीक बताया। हालांकि, पर्व की शुभकामनाओं के साथ उन्होंने बिहार की मौजूदा परिस्थितियों को लेकर गंभीर सवाल भी उठाए। उन्होंने कहा कि प्रति व्यक्ति आय के मामले में बिहार देश के सबसे पिछड़े राज्यों में बना हुआ है और बड़ी आबादी आज भी अच्छे स्कूल, सड़क तथा अस्पताल जैसी बुनियादी सुविधाओं से महरूम है।
नेता प्रतिपक्ष ने रोजगार के अभाव में बड़े पैमाने पर होने वाले पलायन, महिलाओं में खून की कमी और बच्चों में बौनेपन की समस्या का भी जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि सरकारी रिकॉर्ड के मुताबिक लगभग चार करोड़ बिहारवासी हर साल काम की तलाश में पलायन करते हैं। साथ ही, उन्होंने हाल के दिनों में बेटियों के साथ हुई दरिंदगी की घटनाओं का हवाला देते हुए कानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए।
तेजस्वी यादव ने कहा कि इस दशहरा सभी को मिलकर बिहार से इन तमाम बुराइयों का दहन करने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने पढ़ाई, दवाई, कमाई, सिंचाई, सुनवाई और कार्रवाई वाली मजबूत व्यवस्था स्थापित करने की जरूरत बताई। उनका संदेश साफ था कि बिहार में ऐसी व्यवस्था कायम हो, जहां हर हाथ को काम मिले और हर घर खुशहाल बने।अंत में तेजस्वी यादव ने बिहार की जनता के लिए मंगलकामनाएं करते हुए विजयादशमी और दशहरा की पुनः हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
रिपोर्ट- रंजन कुमार सिंह