निशांत कुमार के बयान पर तेजस्वी का पलटवार, 2005 के पहले और आज का आंकड़ा देखिए, कहा - नहीं चलेगा सम्राट मॉडल

मीडिया से बात करते हुए तेजस्वी यादव ने बिहार में 'संगठित अपराध' और 'गुंडागर्दी' का मुद्दा उठाया। साथ ही उन्होंने ओला-तूफान से प्रभावित किसानों को मुआवजा न मिलने पर मुख्यमंत्री को पत्र लिखने की बात भी कही।

निशांत कुमार के बयान पर तेजस्वी का पलटवार, 2005 के पहले और आ

Patna: बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और राजद नेता तेजस्वी यादव ने राज्य की कानून व्यवस्था को लेकर सरकार को घेरा है। उन्होंने दावा किया कि पिछले दो दशकों में बिहार में अपराध की दर में भारी वृद्धि हुई है और वर्तमान सरकार जनता की समस्याओं को सुलझाने में पूरी तरह विफल रही है।

अपराध के आंकड़ों पर सरकार को घेरा

तेजस्वी यादव ने राज्य की कानून व्यवस्था पर निशांत कुमार के बयान पर पलटवार करते हुए गंभीर सवाल खड़े करते हुए कहा कि 2005 से 2025 के बीच बिहार में अपराध का ग्राफ तेजी से ऊपर गया है। उन्होंने कहा, "आप डेटा उठाकर देख लीजिए, बिहार में संगठित तरीके से गुंडागर्दी और अपराध हो रहा है। एनसीआरबी (NCRB) के आंकड़ों में भी बिहार की स्थिति चिंताजनक है।" तेजस्वी ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में विधानसभा में भी पुख्ता आंकड़े पेश किए हैं। निशांत ने 2005 से पहले बिहार की कानून व्यवस्था  पर सवाल उठाया था।

'सम्राट मॉडल' पर कटाक्ष

बिहार में चर्चा का विषय बने 'सम्राट चौधरी मॉडल' पर पूछे गए सवाल के जवाब में तेजस्वी ने कहा कि राज्य में कोई मॉडल नहीं चलने वाला है। उन्होंने कहा कि जनता मौजूदा सरकार से त्रस्त है। गरीबी, बेरोजगारी और महंगाई ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है, ऐसे में किसी भी नए 'राजनीतिक मॉडल' का जनता पर कोई असर नहीं होने वाला।

किसानों की बदहाली पर मुख्यमंत्री को लिखी चिट्ठी

किसानों की समस्याओं का जिक्र करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि हाल ही में आए ओला-तूफान से किसानों की फसलें बर्बाद हो गई हैं, लेकिन सरकार की ओर से अब तक कोई राहत नहीं दी गई है। उन्होंने बताया, "मैंने मुख्यमंत्री को इस संबंध में पत्र लिखा है और मांग की है कि किसानों को जल्द से जल्द मुआवजा दिया जाए। किसान पहले से ही तबाह हैं और सरकार उनकी सुध नहीं ले रही।"

जेडीयू में हुए बदलावों पर टिप्पणी से इनकार

नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के जेडीयू जॉइन करने और पार्टी के आंतरिक निर्णयों पर पूछे गए सवालों को तेजस्वी ने व्यक्तिगत बताते हुए टाल दिया। उन्होंने कहा, "यह उनकी पार्टी का आंतरिक मामला है और उनका अपना निर्णय है। इस पर किसी भी तरह की टीका-टिप्पणी करना उचित नहीं है।"

जनता में है सरकार के प्रति रोष

तेजस्वी ने अंत में कहा कि बिहार की जनता इस वक्त डरी हुई और परेशान है। अपराध और भ्रष्टाचार ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में जनता इस कुशासन का जवाब देगी। राजद लगातार सड़क से सदन तक जनता की आवाज उठाती रहेगी।

Report - ranjan kumar