Bihar Politics: तेजस्वी यादव का 'मिशन बिहार'! कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद इस दिन पहुंचेंगे राजद दफ्तर, क्या होने वाला है कोई बड़ा खेला?

Bihar Politics: राजद के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार तेजस्वी यादव पार्टी दफ्तर पहुंचकर कमान संभालने जा रहे हैं। भव्य स्वागत की तैयारियों के बीच राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज है। माना जा रहा तेजस्वी बड़ा फैसला ले सकते हैं।

तेजस्वी यादव
तेजस्वी यादव का 'मिशन बिहार' - फोटो : social media

Bihar Politics:  बिहार की राजनीति से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव राजद दफ्तर पहुंचने वाले हैं। राजद दफ्तर में तेजस्वी के आगमन की तैयारी चल रही है। कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद संभालने के बाद तेजस्वी यादव पहली बार राजद मुख्यालय पहुंचने वाले हैं। जिसे लेकर राजद दफ्तर में राजद कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है। जानकारी अनुसार तेजस्वी जल्द ही दिल्ली भी जाने वाले हैं..वहां भी उनकी भव्य स्वागत की जाएगी।  

7 फरवरी को राजद कार्यालय पहुंचेंगे तेजस्वी 

जानकारी अनुसार 7 फरवरी को तेजस्वी पार्टी कार्यालय पहुंचें। इससे पहले आरजेडी दफ्तर में उनके स्वागत और कार्यक्रम को लेकर जोरदार तैयारियां शुरू हो गई हैं। पार्टी कार्यालय को नए सिरे से सजाया-संवारा जा रहा है। लाइट और साउंड सिस्टम की विशेष व्यवस्था की जा रही है। इसके साथ ही दफ्तर में रंग-रोगन, नया गेट निर्माण और अन्य सौंदर्यीकरण का काम तेजी से चल रहा है। तेजस्वी यादव के बैठने वाले चैंबर को तैयार किया जा रहा है।

तेजस्वी का होगा भव्य स्वागत 

इस पूरे मामले पर राष्ट्रीय जनता दल के मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने बताया कि पार्टी के कई संगठनों और इकाइयों ने कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद तेजस्वी यादव के भव्य स्वागत की इच्छा जताई है। उन्हीं के आग्रह पर यह तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि 7 फरवरी को पार्टी कार्यालय में होने वाला कार्यक्रम कार्यकर्ताओं में नए उत्साह और ऊर्जा का संचार करेगा। तेजस्वी यादव के नेतृत्व में पार्टी को आगे बढ़ाने के संकल्प के साथ कार्यकर्ता इस आयोजन को यादगार बनाने में जुटे हैं।

25 जनवरी को मिली थी बड़ी जिम्मेदारी

बता दें कि, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को 25 जनवरी को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई थी। तेजस्वी यादव को राजद सुप्रीमो लालू यादव ने राजद का कार्यकारी अध्यक्ष मनोनित किया था। तेजस्वी ने इस दौरान कहा था कि पहली बार उन्हें पार्टी में कोई पद मिला है और वो अपनी इस जिम्मेदारी को बखूबी निभाएंगे। तेजस्वी ने कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर विरोधियों के खिलाफ लड़ने का संदेश दिया था। माना जा रहा है कि तेजस्वी अब 7 फरवरी को भी राजद कार्यालय में अहम फैसला ले सकते हैं। साथ ही राजद के कार्यकर्ताओं को बड़ी जिम्मेदारी भी सौंप सकते हैं।  

पटना से रंजन की रिपोर्ट