थावे मंदिर पार्किंग घोटाला: ओवरचार्जिंग पर एसपी विनय तिवारी का बड़ा एक्शन,आरोपी गिरफ्तार, ठेकेदार पर भी FIR

गोपालगंज के प्रसिद्ध थावे मंदिर में श्रद्धालुओं से कार पार्किंग के नाम पर 60 की जगह 80 रुपये वसूलने का मामला सामने आया है। एसपी विनय तिवारी के निर्देश पर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया और ठेकेदार पर FIR दर्ज किया गया है।

Thawe Parking Illegal Overcharging
ओवरचार्जिंग पर एसपी विनय तिवारी का बड़ा एक्शन,आरोपी गिरफ्तार- फोटो : Reporter

गोपालगंज के प्रसिद्ध थावे दुर्गा मंदिर परिसर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं से कार पार्किंग के नाम पर अवैध वसूली का मामला सामने आया है। तय दरों को दरकिनार कर श्रद्धालुओं से मनमाने पैसे वसूले जा रहे थे। कार पार्किंग के लिए निर्धारित 60 रुपये की जगह 80 रुपये ऐंठने के आरोप में थावे थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विदेशी टोला गांव निवासी अजय कुमार राम को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है।


एसपी विनय तिवारी के निर्देश पर एफआईआर, वीडियो से हुई आरोपी की पहचान

गोपालगंज के पुलिस अधीक्षक (एसपी) विनय तिवारी को श्रद्धालुओं से अतिरिक्त राशि वसूले जाने की शिकायतें मिल रही थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर जांच बैठाई गई। जांच के दौरान अवैध वसूली का वीडियो सामने आया, जिसके आधार पर एफआईआर दर्ज की गई। वीडियो में श्रद्धालुओं से तय सीमा से अधिक पैसे लेते दिखे आरोपी अजय कुमार राम को पुलिस ने पहचान कर गिरफ्तार कर लिया।


पार्किंग ठेकेदार पर भी गिरी गाज, गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी

पुलिस की गाज सिर्फ अवैध वसूली करने वाले कर्मचारी पर ही नहीं, बल्कि ठेका लेने वाले ठेकेदार पर भी गिरी है। एसपी विनय तिवारी ने बताया कि पार्किंग का ठेका लेने वाले ठेकेदार के खिलाफ भी नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपी ठेकेदार फिलहाल फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।


पार्किंग व्यवस्था की कमियों पर एक्शन, एसपी ने जिला प्रशासन को सौंपी रिपोर्ट

कार्रवाई के साथ-साथ पार्किंग स्थल के प्रबंधन में भी भारी गड़बड़ियां उजागर हुई हैं। एसपी ने बताया कि परिसर में निर्धारित पार्किंग स्थल का स्पष्ट चिंकांकन नहीं है और न ही वाहनों के रखरखाव की समुचित व्यवस्था है। टेंडर प्रक्रिया और व्यवस्था में सामने आई इन तमाम कमियों के निराकरण के लिए जिलाधिकारी को विस्तृत रिपोर्ट भेजी गई है। एसपी ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि सरकारी, निजी कर्मचारी या ठेकेदार—यदि किसी ने भी पार्किंग के नाम पर अवैध वसूली की, तो उसे बख्शा नहीं जाएगा और सीधे जेल भेजा जाएगा।

गोपालगंज से नमो नारायण मिश्र की रिपोर्ट