8 अक्टूबर को लखनऊ में मनाई जाएगी पूर्व केन्द्रीय मंत्री स्व. रामविलास पासवान की पुण्यतिथि, अखिलेश यादव समेत राजनीतिक हस्तियों को किया जाएगा आमंत्रित

8 अक्टूबर को लखनऊ में मनाई जाएगी पूर्व केन्द्रीय मंत्री स्व.
लखनऊ में मनाई जाएगी पूर्व केन्द्रीय मंत्री स्व. रामविलास पासवान की पुण्यतिथि- फोटो : नरोत्तम कुमार

Patna : लोक जनशक्ति पार्टी के संस्थापक, पूर्व केंद्रीय मंत्री और पद्म भूषण से अलंकृत स्वर्गीय रामविलास पासवान की पुण्यतिथि आगामी 8 अक्टूबर को लखनऊ में पूरे सम्मान और श्रद्धा के साथ मनाई जाएगी। लोजपा (रामविलास) के बिहार प्रदेश मीडिया प्रमुख निशांत मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के दिशा-निर्देशन में देशभर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।


अखिलेश यादव समेत यूपी के प्रमुख राजनीतिक व सामाजिक दिग्गजों को आमंत्रण

लखनऊ में आयोजित होने वाले इस विशाल श्रद्धांजलि समारोह की तैयारियों की कमान उत्तर प्रदेश प्रभारी सह जमुई सांसद अरुण भारती संभाल रहे हैं। कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए उत्तर प्रदेश संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता जोर-शोर से जुटे हुए हैं। इस अवसर पर समाजवादी पार्टी (सपा) के सुप्रीमो अखिलेश यादव सहित उत्तर प्रदेश की विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक हस्तियों को विशेष रूप से आमंत्रित किया जा रहा है।


बिहार के सांसद, विधायक, मंत्री और दिग्गज नेता लखनऊ कार्यक्रम में होंगे शामिल

लोजपा (रामविलास) के मीडिया प्रमुख ने बताया कि लखनऊ में आयोजित होने वाले मुख्य समारोह में बिहार प्रदेश के पार्टी से जुड़े सभी सांसद, विधायक, बिहार सरकार के मंत्री और वरिष्ठ पदाधिकारी शिरकत करेंगे। उत्तर प्रदेश और बिहार के कार्यकर्ताओं का यह समागम स्वर्गीय रामविलास पासवान की राष्ट्रीय छवि और उनके सामाजिक-राजनीतिक प्रभाव को रेखांकित करेगा।


जन्मभूमि खगड़िया और कर्मभूमि हाजीपुर समेत पूरे बिहार में आयोजित होंगे कार्यक्रम

स्वर्गीय पासवान के बिहार से गहरे जुड़ाव का जिक्र करते हुए निशांत मिश्रा ने कहा कि खगड़िया उनकी जन्मभूमि और हाजीपुर उनकी कर्मभूमि रही है। इसलिए बिहार के हाजीपुर, खगड़िया सहित सभी जिलों में पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा विशेष श्रद्धांजलि सभाओं का आयोजन किया जाएगा। पूरा बिहार अपने जननेता को याद कर नमन करेगा।


चिराग पासवान के नेतृत्व में सामाजिक न्याय की विरासत आगे बढ़ाने का संकल्प

पार्टी नेताओं ने कहा कि स्व. रामविलास पासवान का संपूर्ण जीवन शोषितों, पीड़ितों, दलितों और वंचितों के अधिकारों की रक्षा के लिए समर्पित रहा। कार्यकर्ताओं ने प्रण लिया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान के कुशल नेतृत्व में उनके पदचिन्हों पर चलते हुए जनसेवा और सामाजिक न्याय की इस विचारधारा को निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा।


नरोत्तम की रिपोर्ट