प्रमंडलीय आयुक्त ने स्वतंत्रात दिवस समारोह की तैयारियों का लिया जायजा, दिए कई सख्त निर्देश
Patna : स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित होने वाले राजकीय समारोह की तैयारियों की समीक्षा प्रमंडलीय आयुक्त मयंक वरवड़े द्वारा की गई। समीक्षा बैठक के दौरान जिलाधिकारी कुन्दन कुमार ने बताया कि मानसून और बारिश के मौसम को देखते हुए पूरे गांधी मैदान को 4 अलग-अलग जोन में विभाजित कर तैयारियां पूरी की जा रही हैं। समारोह में साफ-सफाई, जल निकासी, बैरिकेडिंग, पार्किंग, विद्युत व्यवस्था, परेड, पेयजल, प्राथमिक चिकित्सा और अग्निशमन के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम: सीसीटीवी से निगरानी, गांधी मैदान में अस्थायी थाना शुरू
समारोह की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) श्री कार्तिकेय के. शर्मा ने प्रमंडलीय आयुक्त को सुदृढ़ सुरक्षा योजना से अवगत कराया। गांधी मैदान में अस्थायी थाना कार्य करना शुरू कर चुका है और पूरे परिसर व आसपास के क्षेत्रों की निगरानी सीसीटीवी कैमरों से की जा रही है। मैदान के चारों ओर हाईमास्ट लाइटों की जांच के साथ पर्याप्त संख्या में प्रकाश मीनार (लाइट टावर) लगाए जा रहे हैं।
20 टुकड़ियां करेंगी परेड, बारिश में जलजमाव से निपटने के लिए सक्शन मशीनें तैनात
परेड सार्जेंट मेजर ने जानकारी दी कि इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस परेड में कुल 20 टुकड़ियां भाग ले रही हैं, जिनका पूर्वाभ्यास (रिहर्सल) नियमित रूप से जारी है। वहीं, बारिश की स्थिति में जलभराव रोकने के लिए नूतन राजधानी और पाटलिपुत्रा अंचल के कार्यपालक अधिकारियों को पर्याप्त सक्शन मशीनें तैयार रखने तथा बुडको (BUIDCO) को सभी नालों की सफाई व दुरुस्ती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
13 प्रमुख विभागों की आकर्षक झांकियों का होगा प्रदर्शन
इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस समारोह में राज्य के 13 विभागों की भव्य एवं आकर्षक झांकियां शामिल होंगी:
- पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग
- सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग
- बिहार शिक्षा परियोजना परिषद
- ग्रामीण विकास विभाग (जीविका)
- बिहार मौसम सेवा केंद्र
- राज्य अग्निशमन
- कृषि निदेशालय
- नागरिक सुरक्षा निदेशालय
- महिला एवं बाल विकास निगम
- कला एवं संस्कृति विभाग
- उद्योग विभाग
- विधि विभाग
- ऊर्जा विभाग
समय सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूरी करने के कड़े निर्देश
प्रमंडलीय आयुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि स्वतंत्रता दिवस राज्य का सबसे महत्वपूर्ण आयोजन है, इसलिए समय रहते सभी तैयारियां पूर्ण कर ली जाएं और दैनिक प्रगति का अनुश्रवण किया जाए। बैठक में उप विकास आयुक्त (DDC) श्री शुभम कुमार सहित आयोजन से जुड़े विभिन्न विभागों के वरीय प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
अनिल की रिपोर्ट