नगर आयुक्त ने कह दिया साफ-साफ : काम पर लौटे कर्मी, कार्य में बाधा डालने पर होगी कार्रवाई

तीन सूत्री मांगों को लेकर पटना नगर निगम कर्मियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल शनिवार को लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा। इसी बीच नगर आयुक्त ने उनसे काम पर लौटने की अपील करते हुए साफ-साफ कह दिया है कि शहर की सफाई कार्य में बाधा डालने पर उनपर कार्रवाई होगी...

नगर आयुक्त ने कह दिया साफ-साफ : काम पर लौटे कर्मी, कार्य में
नगर आयुक्त की हड़ताल पर गए कर्मियों से काम पर लौटने की अपील- फोटो : अनिल कुमार

Patna : राजधानी पटना में अपनी तीन सूत्री मांगों को लेकर नगर निगम कर्मियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल शनिवार को लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा। शहर की व्यवस्था प्रभावित होते देख पटना नगर निगम आयुक्त ने हड़ताली कर्मचारियों से मानवीय दृष्टिकोण अपनाने और तुरंत काम पर वापस लौटने का आग्रह किया है। उन्होंने दोहराया कि पटना शहर को साफ और स्वच्छ रखना हम सभी की साझी जिम्मेदारी है।


3 सूत्री मांगों पर सचिव स्तर की बैठक, पूर्व के बकाये भुगतान का दिया हवाला

नगर आयुक्त ने जानकारी दी कि कर्मचारियों की 3 सूत्री मांगों को लेकर उच्च अधिकारियों और सचिव स्तर पर महत्वपूर्ण बैठक हो चुकी है। मांगों से संबंधित ज्ञापन को वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष भेज दिया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जिस प्रकार पूर्व में भी कर्मचारियों के बकाया राशि का ससमय भुगतान किया गया है, आगे भी किसी का हक नहीं मारा जाएगा और समय पर भुगतान होता रहेगा।


आउटसोर्सिंग कर्मियों से कराई जाएगी सफाई, बाधा डालने पर होगी FIR

शहरवासियों को राहत देने और गंदगी का अंबार लगने से रोकने के लिए नगर निगम ने वैकल्पिक व्यवस्था की है। नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि फिलहाल पटना शहर की साफ-सफाई का जिम्मा आउटसोर्सिंग एजेंसी के कर्मियों को सौंपा गया है, जो पुलिस बल की कड़ी निगरानी में काम करेंगे। उन्होंने सख्त चेतावनी दी कि यदि हड़ताली कर्मचारियों द्वारा सफाई कार्य में किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न की गई, तो उनके खिलाफ नामजद प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


दैनिक कर्मियों के भुगतान में कटौती पर होगी जांच, दोषी एजेंसियों पर गिरेगी गाज

दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को मिलने वाली राशि में एजेंसियों द्वारा की जा रही कटौती की शिकायतों पर भी नगर आयुक्त ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने कहा कि पूर्व में ऐसी शिकायतें मिली हैं, जिनकी गहनता से जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी आउटसोर्सिंग एजेंसियां कर्मचारियों का शोषण या मानदेय में कटौती करते दोषी पाई जाएंगी, उनके खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।


बातचीत से समाधान निकालने का प्रयास, प्रशासन ने खोला वार्ता का रास्ता

नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वे कर्मचारियों की जायज समस्याओं को सुनने और उनका समाधान निकालने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। नगर आयुक्त ने संवाद के जरिए गतिरोध को समाप्त करने की बात कही है, ताकि शहर की मुख्य सफाई व्यवस्था को जल्द से जल्द पूरी तरह पटरी पर लाया जा सके।


अनिल की रिपोर्ट