Bihar News : शाम होते ही खत्म हुई अंचल और राजस्व अधिकारियों की हड़ताल, डिप्टी सीएम विजय सिन्हा के साथ हुई वार्ता, जांच कमिटी का हुआ गठन

Bihar News : आज से शुरू हुआ अंचल और राजस्व अधिकारियों का हड़ताल शाम होने से पहले खत्म हो गया. डिप्टी सीएम विजय सिन्हा से वार्ता के बाद यह निर्णय लिया गया......पढ़िए आगे

Bihar News : शाम होते ही खत्म हुई अंचल और राजस्व अधिकारियों
हड़ताल खत्म - फोटो : VANDANA

PATNA : बिहार राजस्व सेवा संघ द्वारा 2 फरवरी से प्रस्तावित हड़ताल शाम होते होते उपमुख्यमंत्री सह मंत्री, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग विजय कुमार सिन्हा से हुई विस्तृत वार्ता के बाद समाप्त कर दी गई। इस दौरान प्रधान सचिव सीके अनिल और सचिव जय सिंह भी मौजूद थे। उपमुख्यमंत्री सिन्हा ने संघ के प्रतिनिधियों से शांतिपूर्वक संवाद करते हुए बारी बारी से उनकी सभी आपत्तियों और आशंकाओं को गंभीरता से सुना तथा निष्पक्ष जांच के लिए विभागीय सचिव के नेतृत्व में तीन सदस्यीय जांच कमिटी के गठन की घोषणा की। मंत्री ने प्रतिनिधिमंडल से कहा कि जनता की विभाग से बहुत अपेक्षा है। अभी तेज गति से जनता का काम होना शुरू हुआ है। काम बेहतर होगा तो सभी का सम्मान होगा। जैसे मैं काम लेता हूँ वैसे ही सम्मान भी देता हूँ।

बैठक के दौरान संघ के प्रतिनिधियों ने मंत्रिपरिषद की बैठक दिनांक 29 जनवरी 2026 में लिए गए अनुमंडल राजस्व पदाधिकारी पद के गठन के निर्णय से उत्पन्न संवर्गीय आशंकाओं, प्रमोशन एवेन्यू तथा न्यायालयीय आदेशों से जुड़े मुद्दों को विस्तार से रखा। उपमुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि सरकार न्यायालय के आदेशों, सेवा नियमावली की मूल भावना तथा संवर्गीय संतुलन का पूरा सम्मान करती है और किसी भी अधिकारी के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने कहा कि सरकार का उद्देश्य किसी संवर्ग के अधिकारों को प्रभावित करना नहीं, बल्कि राजस्व प्रशासन को और अधिक प्रभावी बनाना है। यदि किसी निर्णय से किसी प्रकार की शंका उत्पन्न हुई है, तो उसका समाधान संवाद और तथ्यों के आधार पर किया जाएगा।

उपमुख्यमंत्री ने तत्काल प्रभाव से तीन सदस्यीय जांच कमिटी गठित करने का निर्देश दिया, जो पूरे प्रकरण की समीक्षा कर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। इस कमिटी में सचिव, अपर सचिव और एक राजस्व सेवा के अधिकारी को रखा गया है ताकि सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित हो सके। उन्होंने ये भी कहा कि कमिटी दूसरे राज्यों की सेवा का भी इस क्रम में अध्ययन करेगी। इससे तर्कसंगत समाधान सुनिश्चित हो सकेगा।

संघ के प्रतिनिधियों में अध्यक्ष आनंद कुमार, महासचिव सौरभ कुमार, उपाध्यक्ष सुधीर ओंकारा, डॉली कुमारी, रविकांत, राहुल शंकर, रजत बर्णवाल, पुष्कल कुमार, हर्षा कोमल, आयुष चंद्रा, मोहित कुमार शामिल थे। उपमुख्यमंत्री सिन्हा के सकारात्मक रुख और संवेदनशील पहल की सराहना करते हुए संघ के सदस्यों ने हड़ताल समाप्त करने की घोषणा की। उनलोगों ने विश्वास जताया कि जांच कमिटी की रिपोर्ट के आधार पर न्यायसंगत समाधान निकलेगा। बैठक का माहौल अत्यंत सौहार्दपूर्ण रहा और यह स्पष्ट संदेश गया कि डबल इंजन वाली यह राज्य सरकार संवाद के माध्यम से हर मुद्दे का समाधान चाहती है। इस पहल से राजस्व प्रशासन में स्थिरता बनी रहेगी और आमजन से जुड़े कार्य निर्बाध रूप से जारी रहेंगे।

वंदना की रिपोर्ट