पटना में ज्वेलरी दुकान में भीषण चोरी, दीवार तोड़कर लाखों के गहने ले उड़े चोर
अज्ञात चोरों ने रजनीश ज्वेलर्स की पीछे की दीवार तोड़कर दुकान में प्रवेश किया और सोने-चांदी के कीमती गहनों पर हाथ साफ कर दिया।
Bihar News : पटना के रानीतालाब थाना क्षेत्र स्थित पतुत चौक के पास शुक्रवार देर रात एक ज्वेलरी दुकान में बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने रजनीश ज्वेलर्स की पीछे की दीवार तोड़कर दुकान में प्रवेश किया और सोने-चांदी के कीमती गहनों पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद इलाके के बाजार में हड़कंप मच गया।
दुकान मालिक रजनीश कुमार ने बताया कि वह रोज की तरह शुक्रवार शाम दुकान बंद कर घर चले गए थे। शनिवार सुबह ग्रामीणों ने सूचना दी कि दुकान के पीछे की दीवार टूटी हुई है। मौके पर पहुंचकर जब दुकान खोली गई तो अंदर का नजारा देख सभी हैरान रह गए।
चोर दुकान में रखे चांदी के पायल, बिछिया, सिकड़ी, अंगूठी, रिंग समेत सोने की अंगूठी, चेन, कान की बाली, नथिया और अन्य कीमती आभूषण चोरी कर ले गए। दुकानदार के अनुसार, लग्न के मौसम को देखते हुए ग्राहकों के ऑर्डर का काफी सामान दुकान में रखा हुआ था, जिसे भी चोर उठा ले गए।
इतना ही नहीं, चोर दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी साथ ले गए, ताकि उनकी पहचान न हो सके। दुकान में रखे सभी कीमती सामानों के ताले तोड़ दिए गए हैं। घटना की सूचना रानीतालाब थाना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
सुमित की रिपोर्ट