Bihar News : पटना के गाँधी मैदान में तीन दिवसीय बागवानी महोत्सव की हुई शुरुआत, कृषि मंत्री रामकृपाल यादव ने किया उद्घाटन

Bihar News : पटना के गाँधी मैदान में तीन दिवसीय बागवानी महोत

PATNA : कृषि विभाग के उद्यान निदेशालय की तरफ से शहर के गांधी मैदान में बागवानी महोत्सव का आयोजन किया गया। इस तीन दिवसीय महोत्सव का उद्घाटन शुक्रवार को कृषि मंत्री राम कृपाल यादव ने किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि हम बिहार कृषि निर्यात नीति बनाने जा रहे हैं, ताकि हमारे किसानों के खून और पसीने की कमाई सिर्फ मंडी तक नहीं बल्कि सीधे व्यावसायिक बाजार में पहुंचे। आने वाले दिनों में बिहार का मखाना, शहद, फल, सब्जी, मसाले और विशिष्ट उत्पाद अब दुनिया में पहचान बनाएंगे। 

खेती का नए युग में प्रवेश

उन्होंने कहा कि बिहार कृषि प्रधान अर्थव्यवस्था वाला प्रदेश है। बिहार में खेती अब नए युग में प्रवेश कर रही है। यह सिर्फ बदलाव नहीं बल्कि नवजागरण का काल है, जहां किसान सिर्फ उत्पादक ही नहीं, उद्यमी भी और निर्यातक भी हैं।

कृषि निर्यात से बदलेगी किसानों की किस्मत

बिहार में राष्ट्रीय मखाना बोर्ड का गठन हो चुका है। मखाना का 80 प्रतिशत उत्पादन बिहार की धरती से हो रहा है। मखाना परंपरा से निकलकर प्रोसेसिंग, ब्रांडिंग और निर्यात के नए दौर में प्रवेश कर रहा है। भागलपुर का जर्दालु आम, शाही लीची, कतरनी चावल, मगही पान, मखाना और मर्चा धान जैसे हमारे कृषि उत्पादों को जीआई टैग मिल चुका है। हमारे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का सपना है कि हर भारतीय की थाली में कम से कम एक बिहारी व्यंजन हो। इस सपने को साकार करने के लिए कृषि विभाग काम कर रहा है। आने वाले दिनों में हर जिले की अपनी एक विशेष फसल होगी और इसी आधार पर क्लस्टर बनेंगे, प्रोसेसिंग यूनिट लगेगी और बाजार से जोड़ा जाएगा।

मखाना, शहद और फलों से बनेगी बिहार की नई पहचान

बागवानी महोत्सव के उद्घाटन समारोह में कृषि विभाग के प्रधान सचिव नर्मदेश्वर लाल ने कहा कि बागवानी महोत्सव का आयोजन किसानों के लिए किया गया है। यह दर्शाता है कि साल दर साल बिहार में बागवानी के क्षेत्र में कितनी प्रगति हो रही है। समारोह में किसान चाची के नाम से प्रसिद्ध पद्मश्री राजकुमारी देवी, कृषि विभाग के विशेष सचिव डॉ. बीरेंद्र प्रसाद यादव, कृषि निदेशक सौरभ सुमन यादव, उद्यान निदेशक अभिषेक कुमार समेत कई अन्य पदाधिकारी और बड़ी संख्या में किसान मौजूद थे। महोत्सव में विभिन्न स्टॉलों के जरिए कृषि और बागवानी से संबंधित सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। विभिन्न तरह के बागवानी उत्पादों को यहां देखा जा सकता है।