Patna Road Accident: मौत का सफर बना मोकामा-बख्तियारपुर फोरलेन, भीषण हादसे में तीन लोगों की दर्दनाक मौत

Patna Road Accident: मोकामा-बख्तियारपुर फोरलेन पर शिवनार के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की जान चली गई।...

Patna Road Accident
मौत का सफर बना मोकामा-बख्तियारपुर फोरलेन- फोटो : Patna Road Accident

Patna Road Accident: मोकामा-बख्तियारपुर फोरलेन मंगलवार की सुबह उस वक्त मातम में बदल गया, जब शिवनार के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की जान चली गई। हादसे की खबर फैलते ही इलाके में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। दुर्घटना मोकामा थाना क्षेत्र में नए पेट्रोल पंप के समीप हुई, जहां सड़क हादसे के बाद तीन जिंदगियां हमेशा के लिए खामोश हो गईं।

मिली जानकारी के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वाले तीनों लोग खगड़िया जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं। बताया जाता है कि तीनों किसी काम के सिलसिले में पटना गए थे। काम निपटाने के बाद वे वाहन से अपने घर खगड़िया लौट रहे थे। इसी दौरान मोकामा-बख्तियारपुर फोरलेन पर शिवनार के नजदीक उनका वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार तीनों लोगों की मौके पर ही मौत होने की सूचना है। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मोकामा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया।

पुलिस ने तीनों शवों को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस इस बात की तफ्तीश में जुटी है कि दुर्घटना आखिर किस परिस्थिति में हुई। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि हादसे में किसी दूसरे वाहन की भूमिका थी या वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हुआ।

दुर्घटना के चलते फोरलेन पर कुछ समय के लिए यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हुई। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से स्थिति को संभाला गया। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया भी जारी है। हादसे की खबर मृतकों के परिजनों तक पहुंचने के बाद उनके घरों में कोहराम मच गया है।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। हादसे के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।

रिपोर्ट- प्रियदर्शन शर्मा