Bihar News : सभी सरकारी स्कूलों में स्वतंत्रता दिवस के बाद भी निकलेगी 'तिरंगा यात्रा', शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने दिए निर्देश
Bihar News :शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने 'हर घर तिरंगा- 2026-महोत्सव' के देशव्यापी अभियान के तहत राज्य के सभी सरकारी विद्यालयों में स्वतंत्रता दिवस के बाद भी तिरंगा यात्रा आयोजित करने का निर्देश दिया है.....पढ़िए आगे
PATNA : बिहार के सभी सरकारी विद्यालयों में केंद्र सरकार के देशव्यापी 'हर घर तिरंगा- 2026-महोत्सव' अभियान के तहत 17 अगस्त तक 'तिरंगा यात्रा' का भव्य आयोजन किया जाएगा। शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने इस संबंध में राज्य के सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों, क्षेत्रीय शिक्षा उप निदेशकों और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों के विद्यालयों में यात्रा का सफल आयोजन सुनिश्चित करने का कड़ा निर्देश दिया है। इसके साथ ही उन्होंने स्पष्ट हिदायत दी है कि इस आयोजन के दौरान छात्रों की नियमित पढ़ाई किसी भी सूरत में बाधित नहीं होनी चाहिए।
शिक्षा मंत्री ने निर्देश दिया है कि तिरंगा यात्रा को केवल एक औपचारिक कार्यक्रम न बनाकर इसे एक जन-अभियान का रूप दिया जाए। इसके लिए विद्यालयों के शिक्षकों और विद्यार्थियों के अलावा अभिभावकों तथा स्थानीय जन-समुदाय की भी बड़े पैमाने पर भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के इस महान पर्व को पूरे जोश, उमंग और राष्ट्रीय उल्लास के साथ मनाया जाना चाहिए ताकि समाज का हर वर्ग इससे जुड़ सके।
कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए तिवारी ने कहा कि देश की स्वतंत्रता की रक्षा जहाँ सीमाओं पर तैनात हमारे वीर जवान करते हैं, वहीं इस आजादी को वास्तविक ताकत और दिशा शिक्षित नागरिकों से मिलती है। इसलिए स्वतंत्रता दिवस के इस पावन अवसर पर छात्र-छात्राओं के भीतर देशभक्ति, राष्ट्रीय अखंडता, सामाजिक सौहार्द और एक जिम्मेदार नागरिक होने का बोध विकसित करना बेहद जरूरी है। इसके लिए विद्यालयों में तिरंगा यात्रा के अलावा अन्य रचनात्मक गतिविधियों का भी आयोजन किया जाएगा।
शिक्षा मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे स्वयं क्षेत्रों का दौरा कर इन आयोजनों का जायजा लें और यह सुनिश्चित करें कि स्वतंत्रता दिवस समारोह में विद्यालय परिवार और स्थानीय लोगों का बेहतर समन्वय हो। उन्होंने विश्वास जताया कि जनभागीदारी के साथ आयोजित होने वाली यह तिरंगा यात्रा बच्चों में राष्ट्रप्रेम की भावना को और अधिक प्रगाढ़ करेगी।