टीएमसी का हुआ विसर्जन, कट मनी' और 'सिंडिकेट' राज से मुक्त हुआ पश्चिम बंगाल : मंगल पांडेय
Bihar News : बिहार के पूर्व मंत्री व बंगाल के चुनाव प्रभारी मंगल पांडेय ने बीजेपी की जीत को पीएम मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की रणनीति और कार्यकर्ताओं की परिश्रम का फल करार दिया है...
Patna : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के परिणामों पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेता और पश्चिम बंगाल भाजपा प्रभारी मंगल पांडेय ने इसे ऐतिहासिक जीत बताया है। उन्होंने कहा कि बंगाल में टीएमसी का 'विसर्जन' हो चुका है और वहां की जनता ने भय के माहौल को त्यागकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर भरोसा जताया है। श्री पांडेय ने इस जीत का श्रेय प्रधानमंत्री मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, गृहमंत्री अमित शाह की रणनीति और लाखों कार्यकर्ताओं के कठिन परिश्रम को दिया।
लोकतंत्र के डंडे ने थमाया हिंसा का खेल
मंगल पांडेय ने टीएमसी पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि जैसे ही चुनाव में लोकतंत्र का डंडा चला और हिंसा का खेल थमा, वैसे ही टीएमसी का अस्तित्व खतरे में पड़ गया। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना 'बूथ कैप्चरिंग' और आतंक के टीएमसी की राजनीति संभव नहीं थी। पांडेय के अनुसार, वोटों की गिनती के दौरान टीएमसी नेताओं द्वारा किया गया हंगामा उनकी हताशा और हार के डर का स्पष्ट प्रमाण था।
अहंकार और गुंडागर्दी का अंत
भाजपा प्रभारी ने कहा कि बंगाल के रण में टीएमसी का अहंकार अब इतिहास बन चुका है। उन्होंने जोर देकर कहा कि राज्य अब कट मनी, सिंडिकेट, हफ्ता वसूली, गुंडागर्दी और महिलाओं के उत्पीड़न जैसे काले अध्याय से मुक्त हुआ है। पांडेय ने इस जीत को जनसंघ के संस्थापक स्व. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि बताया और कहा कि बंगाल अब विकास की नई राह पर अग्रसर होगा।
असम और पुडुचेरी की जीत का स्वागत
पश्चिम बंगाल के साथ-साथ मंगल पांडेय ने असम में भाजपा की सत्ता में वापसी और पुडुचेरी में एनडीए की शानदार जीत का भी स्वागत किया। उन्होंने कहा कि ये परिणाम दर्शाते हैं कि देश की जनता अब केवल सुशासन और विकास की राजनीति को ही स्वीकार कर रही है। असम की जनता ने जहां निरंतरता को चुना, वहीं पुडुचेरी ने भी मोदी मॉडल पर अपनी मुहर लगा दी है।
निडर जनता और समर्पित कार्यकर्ताओं को सैल्यूट
अंत में मंगल पांडेय ने बंगाल की जनता की निडरता को सलाम करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि तुष्टिकरण और चुनावी हिंसा के बावजूद जनता ने जो साहसिक जनादेश दिया है, वह सराहनीय है। पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं के त्याग और बलिदान की प्रशंसा करते हुए उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में भाजपा और एनडीए की स्वीकार्यता पूरे देश में और अधिक मजबूती के साथ उभरेगी।
वंदना की रिपोर्ट