पटना में ट्रैफिस सिपाही के साथ मारपीट, ई-रिक्शा को आगे बढ़ाने को कहने पर हुए विवाद के बाद चालकों ने घटना को दिया अंजाम

पटना में ट्रैफिस सिपाही के साथ मारपीट, ई-रिक्शा को आगे बढ़ान
पटना में ट्रैफिस सिपाही के साथ मारपीट,- फोटो : रंजीत कुमार

Patna : राजधानी पटना के राजेंद्र नगर टर्मिनल स्थित ट्रैफिक चेक पोस्ट पर तैनात ट्रैफिक सिपाही के साथ मारपीट की घटना सामने आई है। घटना के शिकार सिपाही का नाम शोभा पासवान बताया जा रहा है। सुबह के समय यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के दौरान ड्यूटी पर तैनात सिपाही शोभा पासवान के साथ मारपीट की गई, जिससे उनका सिर फट गया और वे गंभीर रूप से घायल हो गए।


ई-रिक्शा चालकों को आगे बढ़ाने पर विवाद 

मिली जानकारी के अनुसार, राजेंद्र नगर टर्मिनल के पास सड़क पर जाम की स्थिति से निपटने के लिए सिपाही शोभा पासवान ने वहां अव्यवस्थित ढंग से खड़े ई-रिक्शा चालकों को वाहन आगे बढ़ाने की हिदायत दी थी। इसी बात को लेकर ई-रिक्शा चालकों का समूह सिपाही से उलझ गया और कहासुनी शुरू हो गई।


उपद्रवियों ने एकजुट होकर किया हमला 

देखते ही देखते यह विवाद हिंसक रूप में बदल गया। आरोप है कि ई-रिक्शा चालकों के गुट और राजेंद्र नगर पुल के नीचे रहने वाले नट समाज के लोगों ने मिलकर सिपाही पर हमला बोल दिया। सुबह-सुबह हुई इस अचानक मारपीट में उपद्रवियों ने सिपाही के सिर पर गंभीर चोट पहुंचाई, जिससे वे मौके पर ही लहूलुहान हो गए।


अस्पताल में भर्ती, पुलिस ने संभाला मोर्चा 

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस और अतिरिक्त पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। घायल सिपाही शोभा पासवान को इलाज के लिए तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है। घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।


आरोपियों की पहचान और कानूनी कार्रवाई शुरू 

ऑन-ड्यूटी सरकारी कर्मचारी पर हुए इस हमले को पुलिस प्रशासन ने काफी गंभीरता से लिया है। पुलिस द्वारा इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि हमले में शामिल ई-रिक्शा चालकों और अन्य असामाजिक तत्वों की पहचान की जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


रंजीत की रिपोर्ट