PATNA - बिहार के नगर विकास एवं आवास विभाग द्वारा 6 नगर निगमों में ट्रैफिक व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए सीसीटीवी और ट्रैफिक सिग्नल लगाने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए कैबिनेट बैठक में मंजूरी भी मिल गयी है। इन 6 नगर निगमों में दरभंगा, सहरसा, पूर्णिया, गया, मुंगेर और छपरा शामिल है। इस योजना के लिए 487.05 करोड़ की राशि खर्च की जायेगी। इसकी जिम्मेदारी बेल्ट्रोन को दी गयी है। वहीं, परामर्श के लिए IIT रूड़की को लगाया गया है।
वहीं, इस संबंध में नगर विकास मंत्री नितिन नवीन ने कहा कि शहरों में लगातार ट्रैफिक का दवाब बढ़ता जा रहा है। इसलिए ट्रैफिक व्यवस्था को व्यवस्थित करना बेहद जरूरी है। सीसीटीवी और ट्रैफिक सिग्नल के सहारे यातायात का प्रवाह कुशलता से होगा। साथ ही मॉनिटरिंग में भी आसानी होगी।
निगरानी रखने में मिलेगी मदद
शहर में आम नागरिकों के लिए एक सुरक्षित और सुव्यवस्थित वातावरण तैयार करने के लिए हाई रिजोल्यूशन सीसीटीवी कैमरा भी लगाया जाएगा। इसके सहारे चोरी, लूट, छिनतई जैसी अप्रिय घटनाओं पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। साथ ही लापरवाही से वाहन चलाने वालों पर भी लगाम लगेगा। सड़क दुर्घटना और बाइक चोरी की घटनाओं में भी कमी आयेगी।
उन्होंने कहा कि सीसीटीवी लगने के बाद कंट्रोल रूम की मदद से डाटा लेकर देखा जाएगा कि शहर का सबसे व्यस्त चौराहा कौन-सा है। शहर में कितनी गाड़ियां हर रोज गुजर रही है। इसमें दो चक्का वाहन और चार पहिया वाहनों की संख्या कितनी है। अलग-अलग समय में ट्रैफिक का दबाव भी देखा जाएगा। उस हिसाब से रणनीति बनायी जाएगी ताकि यातायात संचालन में सहूलियत हो।
रिपोर्ट - वंदना शर्मा