पटना में दो अलग-अलग हादसों से सनसनी: अगमकुआं में महिला ने फांसी लगाकर की खुदकुशी, आलमगंज में मिली अज्ञात लाश
Patna : राजधानी पटना के अगमकुआं और आलमगंज थाना क्षेत्रों में हुई दो अलग-अलग घटनाओं से इलाके में सनसनी फैल गई। एक तरफ जहां अगमकुआं थाना क्षेत्र के एक फ्लैट में महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली, वहीं दूसरी तरफ आलमगंज इलाके में एक अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ है। दोनों ही घटनाओं के बाद पुलिस मामलों की जांच में जुट गई है।
मिर्दाहा टोली के पास मिली 45 वर्षीय अज्ञात महिला की लाश
आलमगंज थाना क्षेत्र के मिर्दाहा टोली लोहा गोदाम के समीप करीब 45 वर्षीय एक अज्ञात महिला का शव बरामद किया गया। स्थानीय लोगों की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लिया। आशंका जताई जा रही है कि महिला की मौत सड़क पार करते समय किसी तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने और गंभीर रूप से चोटिल होने के कारण हुई होगी।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव, कारणों का लगाया जा रहा पता
घटना के संबंध में आलमगंज थानाध्यक्ष राहुल कुमार ठाकुर ने बताया कि पुलिस मामले से जुड़े हर संभावित बिंदु पर गहन छानबीन कर रही है। महिला की पहचान स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है। मौत के सटीक और असली कारणों का स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (NMCH) भेज दिया गया है।
अगमकुआं के महात्मा गांधी नगर में विवाहिता ने की खुदकुशी
दूसरी घटना अगमकुआं थाना क्षेत्र के महात्मा गांधी नगर मुहल्ले में घटी, जहां एक फ्लैट में रहने वाले धर्मेंद्र कुमार की 31 वर्षीय पत्नी ने गले में फंदा डालकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। आनन-फानन में महिला को उपचार के लिए एक निजी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
अवसाद (डिप्रेशन) बनी वजह, परिजनों को सौंपा गया शव
अगमकुआं थानाध्यक्ष राजेश कुमार झा ने जानकारी दी कि परिजनों से पूछताछ के दौरान यह बात सामने आई है कि महिला पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव और डिप्रेशन से जूझ रही थी, जिसके चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठाया। पुलिस ने बुधवार को एनएमसीएच (NMCH) में पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस अन्य पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की तफ्तीश कर रही है।
रजनीश की रिपोर्ट