Patna Road Accident: पटना में अज्ञात वाहन की टक्कर से दो युवकों की दर्दनाक मौत, बारात से लौट रहे थे दो दोस्त, मौत ने रास्ते में रोक लिया सफर

Patna Road Accident: बारात से लौट रहे बाइक सवार दो युवकों की अज्ञात वाहन की टक्कर में मौके पर ही मौत हो गई। ...

Two youths died a tragic death after being hit by an unident
दो युवकों की दर्दनाक मौत- फोटो : reporter

Patna Road Accident: पटना जिले के फतुहा थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जहां बारात से लौट रहे बाइक सवार दो युवकों की अज्ञात वाहन की टक्कर में मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे डुमरी गांव में मातम पसर गया है। दोनों परिवारों में चीख-पुकार मची हुई है और गांव का माहौल गमगीन हो गया है।

मृतकों की पहचान फतुहा के डुमरी निवासी मोदिर मिस्त्री के 19 वर्षीय पुत्र सोलू कुमार तथा विशुनधारी यादव के 19 वर्षीय पुत्र दीपक कुमार के रूप में हुई है। दोनों गहरे दोस्त बताए जा रहे हैं और रविवार की रात एक ही बाइक पर सवार होकर गांव की बारात में शामिल होने गौरीचक थाना क्षेत्र के महाजनी गांव गए थे।पूर्व प्रमुख प्रतिनिधि पप्पू यादव ने बताया कि बारात से देर रात लौटने के दौरान फतुहा थाना क्षेत्र के धोवापुल के पास किसी अज्ञात बड़े वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही गश्ती पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को आनन-फानन में फतुहा अस्पताल पहुंचाया। लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

इस हादसे की खबर जैसे ही डुमरी गांव पहुंची, दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। जिन घरों में कुछ घंटे पहले बारात की खुशियों की चर्चा थी, वहां देखते ही देखते मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि गांव के लोग भी इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध हैं।पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर वाहन की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि फरार वाहन और उसके चालक की तलाश जारी है तथा जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाह वाहन चालकों पर सवाल खड़े करता है। एक ही पल में दो परिवारों के जवान बेटों की जिंदगी खत्म हो गई और गांव की खुशियां मातम में बदल गईं।

रिपोर्ट- रजनीश कुमार