नीतीश कुमार ने किया मालामाल, 25 लाख महिलाओं के खाते में भेजे 10-10 हजार, आपको नहीं मिला है तो ऐसे करें आवेदन

मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना की शुरुआत 26 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से की थी। उस समय 75 लाख महिलाओं के खातों में ₹10,000 की राशि भेजी थी। अब 25 लाख को फिर से राशि भेजी गई

Chief Ministers Women Employment Scheme
Chief Ministers Women Employment Scheme- फोटो : news4nation

Nitish Kumar : मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के अंतर्गत सीएम नीतीश कुमार ने शुक्रवार को बिहार की 25 लाख महिलाओं के खाते में 10-10 हजार रुपए की राशि भेजी. इस मद में कुल 2500 करोड़ रुपए की राशि का अंतरण किया गया है. दरअसल, नीतीश सरकार ने महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना की शुरुआत की है। राज्य की करीब 25 लाख महिलाओं के बैंक खातों में ₹10,000 की पहली किस्त सीधे ट्रांसफर की गई. इस मौके पर दोनों डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा सहित कई मंत्री मौजूद रहे. 


महिलाओं के लिए स्वरोजगार का अवसर

सरकार का कहना है कि इस राशि का उद्देश्य महिलाओं को छोटे व्यवसाय और स्वरोजगार शुरू करने के लिए प्रोत्साहित करना है। राज्य सरकार ने अक्टूबर से दिसंबर 2025 तक 14 तिथियां तय की हैं, जिनमें हर शुक्रवार को किस्तें भेजी जाएंगी। जरूरत पड़ने पर तिथियों में बदलाव संभव होगा, लेकिन योजना का लाभ लगातार मिलता रहेगा।


पीएम मोदी ने की थी शुरुआत

इस योजना की शुरुआत 26 सितंबर 2025 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से की थी। उस समय 75 लाख महिलाओं के खातों में ₹10,000 की राशि भेजी गई थी। कार्यक्रम के दौरान कई जीविका दीदियों ने अपनी कहानियां साझा कीं। पीएम मोदी ने जन-धन योजना की अहमियत बताते हुए कहा था कि पहले योजनाओं का पैसा बीच में ही बिचौलियों तक सिमट जाता था, लेकिन अब हर रुपया सीधे खाते में पहुंच रहा है।


कैसे करेंगे आवेदन 

इस योजना का लाभ लेने के लिए महिलाएं जीविका स्वयं सहायता समूह या ग्राम संगठन (VO) के जरिए आवेदन कर सकती हैं। जो महिलाएं किसी समूह से नहीं जुड़ी हैं, वे निर्धारित तिथियों पर सीधे आवेदन जमा कर सकती हैं। पूरी राशि DBT के जरिए सीधे बैंक खातों में आएगी।