"एक भारत, श्रेष्ठ भारत" के तहत बिहार के 22 नक्सलमुक्त जिलों के 1100 प्रतिभागी केवड़िया के लिए रवाना, सीएम सम्राट चौधरी ने दिखाई हरी झंडी

राज्य के 22 नक्सलमुक्त जिलों के 1,100 युवाओं और प्रतिभागियों को राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में शामिल होने के लिए विशेष ट्रेन से निकल गए है। सीएम सम्राट चौधरी ने हरी झंडी दिखाकर इस विशेष दल को गुजरात के एकता नगर (केवड़िया) के लिए रवाना किया...

"एक भारत, श्रेष्ठ भारत" के तहत बिहार के 22 नक्सलमुक्त जिलों
22 नक्सलमुक्त जिलों के 1100 प्रतिभागी केवड़िया के लिए रवाना- फोटो : अभिजीत

Patna : बिहार के विकास और बदलाव की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए राज्य के 22 नक्सलमुक्त जिलों के 1,100 युवाओं और प्रतिभागियों को राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में शामिल होने के लिए विशेष ट्रेन से रवाना किया गया है। राजधानी पटना के पाटलिपुत्र जंक्शन पर आयोजित एक गरिमामयी समारोह के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने हरी झंडी दिखाकर इस विशेष दल को गुजरात के एकता नगर (केवड़िया) के लिए रवाना किया। इस दौरान रेलवे स्टेशन पर युवाओं में अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला।


सम्राट चौधरी और वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में किया गया रवाना

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में राज्य सरकार के कई दिग्गज नेता और प्रशासनिक अधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ-साथ मंच पर बिहार के मंत्री रामकृपाल यादव और बिहार की प्रभारी पुलिस महानिदेशक (DGP) प्रीता वर्मा समेत कई वरीय अधिकारी मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने ट्रेन में सवार हो रहे प्रतिभागियों का हौसला बढ़ाया और उन्हें राष्ट्रीय एकता के इस महत्वपूर्ण अभियान में हिस्सा लेने के लिए शुभकामनाएं दीं।


नक्सलमुक्त बिहार की नई पहचान और सुरक्षा का प्रतीक

यह विशेष पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के "एक भारत, श्रेष्ठ भारत" के सपने को साकार करने और एक सुरक्षित, शांत व समृद्ध बिहार की नई और सकारात्मक पहचान को देश के सामने प्रस्तुत करने का प्रतीक है। जिन जिलों को कभी उग्रवाद और नक्सलवाद का गढ़ माना जाता था, आज उन्हीं क्षेत्रों के युवा राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रमों में अपनी भागीदारी दर्ज करा रहे हैं, जो राज्य में बदलते कानून-व्यवस्था के माहौल को दर्शाता है।


सरदार पटेल की जन्मस्थली पर राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में लेंगे हिस्सा

गुजरात के केवड़िया स्थित स्टैचू ऑफ यूनिटी (Statue of Unity) के पास आयोजित होने वाले राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में ये सभी 1,100 युवा देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले अन्य प्रतिभागियों के साथ शामिल होंगे। सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में होने वाले इन कार्यक्रमों में बिहार के ये युवा अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और संवाद के जरिए राज्य की समृद्ध विरासत का प्रतिनिधित्व करेंगे।


युवाओं में भारी उत्साह, प्रशासनिक स्तर पर व्यापक प्रबंध

यात्रा को लेकर बिहार के इन 22 जिलों से आए युवाओं और प्रतिभागियों में जबरदस्त उत्साह का माहौल है। इस पूरी यात्रा के दौरान प्रतिभागियों की सुरक्षा, खान-पान और स्वास्थ्य सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए सरकार और प्रशासन द्वारा पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। इस पहल से न केवल युवाओं को देश की विविधता को नजदीक से जानने का मौका मिलेगा, बल्कि उनमें राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति की भावना भी और अधिक मजबूत होगी।


अभिजीत की रिपोर्ट