केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने बाढ़ को जिला बनाने की कही बात, विधायक अनंत सिंह के बेटे ने राजनीति पर कही बड़ी बात
बाढ़ में जदयू के जन संवाद कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, मोकामा विधायक अनंत सिंह और ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार का भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम में विधायक अनंत सिंह के बेटे अभिषेक ने राजनीति को लेकर बड़ी बात कही..
Patna : बाढ़ में केंद्रीय मंत्री सह सांसद ललन सिंह, मोकामा विधायक अनंत सिंह और ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार एक जन संवाद कार्यक्रम के तहत डाकबंगला पहुंचे। इस दौरान सांसद ललन सिंह के स्वागत में जगह-जगह पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य अभिनंदन किया। जेडीयू कार्यालय के उद्घाटन के बाद वे डाकबंगला पहुंचे थे, जहां स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुटी।
सिर्फ खानदान से नहीं मिलती राजनीतिक विरासत : अभिषेक सिंह
इस कार्यक्रम के दौरान विधायक अनंत सिंह के साथ उनके बेटे अभिषेक सिंह भी विशेष रूप से मौजूद रहे। सांसद ललन सिंह ने अभिषेक सिंह को माला पहनाकर अपना आशीर्वाद दिया। इस मौके पर अभिषेक सिंह ने मीडिया और कार्यकर्ताओं से बातचीत करते हुए एक बड़ा बयान दिया कि राजनीतिक विरासत सिर्फ खानदान से नहीं मिलती, बल्कि यह जनता के अपार प्यार और समर्थन से मिलती है।
नीतीश के विकासवादी विरासत को निशांत आगे बढ़ाएंगे : ललन सिंह
जन संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में हुए अभूतपूर्व विकास कार्यों को विस्तार से कार्यकर्ताओं के बीच रखा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की विकासवादी विरासत को निशांत कुमार आगे बढ़ाएंगे, और इसी विजन के तहत उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है।
बाढ़ बनेगा एक नया जिला: ललन सिंह
कार्यक्रम के दौरान सबसे बड़ी घोषणा करते हुए सांसद ललन सिंह ने बाढ़ को एक नया जिला बनाने की बात कही, जिससे स्थानीय लोगों और कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह देखा गया। इस आयोजन ने क्षेत्र की राजनीतिक सरगर्मी को और अधिक तेज कर दिया है।
रवि शंकर की रिपोर्ट