छपरा में सनसनी: दिघवारा में नदी किनारे जींस-टीशर्ट पहने अज्ञात युवती का शव बरामद, हत्या की आशंका
सारण जिले के दिघवारा थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर ककड़ियां गांव के पास माही नदी के बांध के पास जींस-टीशर्ट पहने एक अज्ञात युवती (उम्र करीब 25 वर्ष) का शव बरामद हुआ है। आशंका जताई जा रही है कि हत्या कहीं और कर शव को यहां फेंका गया है।
नवरात्र में जिन कन्याओं को देवी का स्वरूप मानकर पूजा जा रहा है, जिनके चरण स्पर्श कर सुख- समृद्धि और मंगल की कामना की जानी है, इन्हीं दिनों एक अज्ञात युवती का शव मिलने से कई सवाल खड़े हो गए हैं। घरों में कन्या पूजन की तैयारियां चल रही हैं, वहीं सारण जिले के दिघवारा थाना क्षेत्र में युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। जींस और टी- शर्ट पहने युवती का शव सोमवार की सुबह लक्ष्मीपुर ककड़ियां गांव के समीप माही नदी के बांध के पास मिला है, हालांकि अभी तक युवती की पहचान नहीं हो सकी है। उसकी मौत कैसे हुई और वह यहां तक कैसे पहुंची, इन सवालों का जवाब तलाशने में पुलिस जुटी है।
नवमी को होना है कन्या पूजन, इधर शव मिलने से उठे सवाल
नवरात्र के दौरान कन्याओं को मां दुर्गा का स्वरूप मानकर पूजा जाता है। अष्टमी और नवमी पर कन्या पूजन की परंपरा के तहत उनके पैर धोकर चरण स्पर्श किए जाते हैं और भोजन कराकर आशीर्वाद लिया जाता है। ऐसे समय में एक अज्ञात युवती का शव मिलने की घटना ने लोगों को झकझोर दिया है। हालांकि, मृतका की पहचान और उसकी मौत की परिस्थितियों के बारे में अभी कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
सुबह शव मिलने की खबर से जुटी भीड़
स्थानीय लोगों की नजर शव पर पड़ने के बाद इसकी सूचना बरुआ पंचायत के मुखिया अजीत कुमार सिंह उर्फ पप्पू सिंह को दी गई। उन्होंने दूरभाष के माध्यम से दिघवारा थाने की पुलिस को जानकारी दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए। पुलिस ने शव का निरीक्षण किया और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर आवश्यक जानकारी जुटाई।
मौत की गुत्थी सुलझाने में जुटी एफएसएल टीम
प्रथम दृष्टया युवती की उम्र करीब 25 वर्ष बताई जा रही है। शव मिलने की परिस्थितियों को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि उसकी मौत कहीं और हुई हो और पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को यहां फेंका गया हो। हालांकि, पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए छपरा भेज दिया गया।
पहचान के लिए तकनीकी साक्ष्यों की मदद
पुलिस मृतका की पहचान करने के लिए विभिन्न स्तरों पर जांच कर रही है। सोशल मीडिया के माध्यम से तस्वीर साझा कर पहचान में मदद मांगी जा रही है। साथ ही उपलब्ध तकनीकी इनपुट और अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारणों का पता लगाने में मदद मिलने की उम्मीद है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति सामने आ सकेगी।
सारण से धर्मेन्द्र रस्तोगी की रिपोर्ट