सड़क हादसे में कोसी उपचार केंद्र के संचालक की मौत, मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम

सुपौल के वीरपुर में एक बस की चपेट में आने से कोसी उपचार केंद्र के संचालक बिनोद मेहता की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से नाराज लोगों ने वीरपुर-भीमनगर मुख्य सड़क को जाम कर मुआवजे की मांग की है।

सड़क हादसे में कोसी उपचार केंद्र के संचालक की मौत, मुआवजे की

Supaul - सुपौल जिले के वीरपुर-भीमनगर मुख्य मार्ग पर मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसे में कोसी उपचार केंद्र के संचालक की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर जमकर प्रदर्शन किया।

निजी आवास से केंद्र लौटते समय हुआ हादसा 

मृतक की पहचान रतनपुर थाना क्षेत्र के भगवानपुर (वार्ड 10) निवासी बिनोद मेहता के रूप में हुई है। बिनोद मेहता वीरपुर में 'कोसी उपचार केंद्र' का संचालन करते थे। बताया जा रहा है कि वह अपनी पत्नी और बच्चे को भगवानपुर स्थित आवास पर छोड़कर वापस अपने केंद्र लौट रहे थे, तभी वीरपुर दिघी पुल के पास एक बस ने उन्हें टक्कर मार दी। इस हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

अस्पताल पहुंचे अधिकारी और जनप्रतिनिधि 

हादसे के बाद स्थानीय लोग उन्हें तुरंत अनुमंडलीय अस्पताल वीरपुर ले गए, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय विधायक नीरज कुमार सिंह, वीरपुर एसडीएम नीरज कुमार और एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार अस्पताल पहुँचे और मामले की जानकारी ली।

आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम 

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सुपौल भेज दिया था, लेकिन आक्रोशित ग्रामीण और परिजन मुआवजे की मांग पर अड़ गए। लोगों ने एम्बुलेंस को वापस लाकर घटनास्थल पर खड़ा कर दिया और वीरपुर-भीमनगर मुख्य मार्ग को जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया।

पुलिस की कार्रवाई और आश्वासन 

वीरपुर एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस घटना की जांच कर रही है और आक्रोशित परिजनों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया जा रहा है। प्रशासन द्वारा उचित कानूनी कार्रवाई और मुआवजे की प्रक्रिया को लेकर आश्वासन दिया जा रहा है।

Report - Vinay kumar mishra