जीतन राम मांझी को उपेंद्र कुशवाहा ने दिया बड़ा झटका ! हम के दर्जनों नेताओं ने थामा रालोमो का दामन
हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा के पूर्णिया के पूर्व जिला अध्यक्ष एवं कसवा विधानसभा के पूर्व एनडीए प्रत्याशी राजेंद्र यादव ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ राष्ट्रीय लोक मोर्चा की सदस्यता ग्रहण की।
Upendra Kushwaha : राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) को पूर्वी बिहार में बड़ी राजनीतिक मजबूती मिली है। बुधवार को स्वतंत्रता सेनानी भवन के सभागार में आयोजित मिलन समारोह के दौरान हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा के पूर्णिया के पूर्व जिला अध्यक्ष एवं कसवा विधानसभा के पूर्व एनडीए प्रत्याशी राजेंद्र यादव ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ राष्ट्रीय लोक मोर्चा की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी की सदस्यता उन्हें राष्ट्रीय लोक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष, भारत सरकार के पूर्व मंत्री और राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा ने दिलाई।
इस संबंध में जानकारी देते हुए राष्ट्रीय लोक मोर्चा बिहार के प्रवक्ता राम पुकार सिन्हा ने बताया कि राजेंद्र यादव के साथ पार्टी में शामिल होने वालों में बच्चू पासवान उर्फ संतोष, सुधीर कुमार, हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष (सहकारिता प्रकोष्ठ) शिव कुमार राम, हम पार्टी के पूर्व युवा जिला अध्यक्ष पूर्णिया संतोष राम सहित सैकड़ों कार्यकर्ता प्रमुख रूप से शामिल हैं।
मिलन समारोह को संबोधित करते हुए उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि राजेंद्र यादव और उनके समर्थकों के पार्टी में शामिल होने से राष्ट्रीय लोक मोर्चा को पूर्वी बिहार में नई ताकत मिलेगी। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज और अररिया जिलों में पार्टी का जनाधार और संगठनात्मक मजबूती और बढ़ेगी। कुशवाहा ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन विस्तार और जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने की अपील की।
समारोह की अध्यक्षता राष्ट्रीय लोक मोर्चा के वरिष्ठ नेता सुभाष चंद्रवंशी ने की, जबकि मंच संचालन पार्टी नेता रियाजउद्दीन बख्खो ने किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने रालोमो के लिए इसे एक अहम राजनीतिक संदेश के रूप में स्थापित किया।