Railway News: रेल यात्री कृपया ध्यान दें!1 मार्च से नहीं कटा सकेंगे जनरल टिकट, रेलवे ने पुराना टिकट एप बंद करने का किया ऐलान, जानिए पूरी खबर

Railway News: भारतीय रेलवे ने बड़ा फैसला लिया है। 1 मार्च 2026 से जनरल टिकट बुक करने वाला मौजूदा एप पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा। लेकिन अगर आप भी लाइन से बचकर मोबाइल पर टिकट लेना पसंद करते हैं, तो यह बदलाव जानना आपके लिए बेहद जरूरी है।

भारतीय रेलवे
पुराना टिकट एप होगा बंद- फोटो : social media

Railway News: भारतीय रेलवे ने डिजिटल टिकटिंग को और भी आधुनिक बनाने के लिए बड़ा फैसला लिया है। 1 मार्च से जनरल टिकट बुक करने वाला मौजूदा एप (UTS) बंद होने जा रहा है और इसकी जगह नया 'RailOne' एप पूरी तरह प्रभावी होगा। रेलवे के अनुसार 1 मार्च से यह ऐप काम करना बंद कर देगा। यात्रियों को अब इसकी जगह नई सुपर ऐप RailOne का इस्तेमाल करना होगा। जिसमें टिकट बुकिंग से जुड़ी सभी सुविधाएं एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराई जा रही हैं।

जानिए अब कैसे करें टिकट 

अब तक UTS ऐप के जरिए यात्री जनरल टिकट और प्लेटफॉर्म टिकट ऑनलाइन खरीद सकते थे। रेलवे ने बताया कि ये सभी सेवाएं अब RailOne ऐप में शिफ्ट कर दी जाएंगी। इस ऐप को पिछले साल लॉन्च किया गया था और इसे रेल यात्रियों के लिए वन-स्टॉप डिजिटल प्लेटफॉर्म के तौर पर तैयार किया गया है।

एक ही ऐप में मिलेंगी कई सुविधाएं

RailOne ऐप के जरिए यात्री जनरल टिकट, रिजर्व टिकट और प्लेटफॉर्म टिकट बुक कर सकेंगे। इसके अलावा इसमें IRCTC Rail Connect, NTES, Rail Madad और फूड ऑन ट्रैक जैसी कई सेवाएं भी इंटीग्रेट की गई हैं। जिससे यात्रियों को अलग-अलग ऐप इस्तेमाल करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

R-Wallet का बैलेंस रहेगा सुरक्षित

रेलवे ने स्पष्ट किया है कि UTS ऐप के R-Wallet में मौजूद राशि RailOne ऐप में भी इस्तेमाल की जा सकेगी। यात्री अपने पुराने IRCTC या UTS ऐप के लॉगइन आईडी और पासवर्ड से ही RailOne में साइन-इन कर पाएंगे और अपने वॉलेट बैलेंस का उपयोग जारी रख सकेंगे।

जनरल टिकट पर मिल रहा 3% डिस्काउंट

RailOne ऐप को बढ़ावा देने के लिए रेलवे फिलहाल जनरल टिकट पर 3 प्रतिशत की छूट दे रही है। यह डिस्काउंट तभी मिलेगा जब यात्री भुगतान डिजिटल माध्यम जैसे UPI, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड या नेट बैंकिंग से करेंगे। यह ऑफर 14 जुलाई 2026 तक लागू रहेगा।

RailOne ऐप की प्रमुख खूबियां

जनरल, रिजर्व और प्लेटफॉर्म टिकट की आसान बुकिंग होगी। लाइव ट्रेन रनिंग स्टेटस और लेट होने की जानकारी भी तुरंत मिल जाएगी। कोच पोजिशन और प्लेटफॉर्म की रियल-टाइम सूचना यात्रियों को मिलेगी। PNR स्टेटस चेक करने और टिकट कैंसिल करने की सुविधा दी जाएगी। IRCTC के अधिकृत वेंडरों से सीधे खाना ऑर्डर करने का विकल्प मिलेगा। Rail Madad के जरिए शिकायत, फीडबैक और सर्विस रिक्वेस्ट दर्ज करने की सुविधा दी जाएगी। रेलवे का कहना है कि RailOne ऐप यात्रियों को एक ही जगह पर सभी डिजिटल सेवाएं देने के उद्देश्य से तैयार किया गया है, ताकि टिकट बुकिंग और यात्रा से जुड़ी जानकारी पहले से ज्यादा आसान और सुरक्षित हो सके।