पटना में तेजप्रताप यादव हो गए गिरफ्तार, जानिए किस मामले में पुलिस ने किया भेजा जेल

पटना पुलिस ने हथियारबंद अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 'तेजप्रताप यादव' उर्फ तेजा को गिरफ्तार किया है। यह शातिर अपराधी अपने साथी के साथ मिलकर एक व्यापारी से लाखों की लूट करने की फिराक में था, जिसे पुलिस ने घेराबंदी कर दबोच लिया।

पटना में तेजप्रताप यादव हो गए गिरफ्तार, जानिए किस मामले में

Patna - राजधानी पटना के दीदारगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए लूट की साजिश को नाकाम कर दिया है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गोप घाट इलाके में दो हथियारबंद अपराधी किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। फतुहा एसडीपीओ-1 अवधेश कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सुनील कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित कर घेराबंदी की गई। 

वाहन चेकिंग के दौरान धरे गए अपराधी

पुलिस टीम ने जब गोप घाट के पास सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया, तो एक संदिग्ध मोटरसाइकिल (BR01-CJ-5700) पर सवार दो युवक पुलिस को देखकर भागने की कोशिश करने लगे। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए दोनों को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से अवैध हथियार बरामद हुए, जिसके बाद उन्हें तुरंत हिरासत में ले लिया गया। 

गिरफ्तार अपराधियों की पहचान: तेजप्रताप यादव उर्फ तेजा

पकड़े गए अपराधियों की पहचान वैशाली जिले के राघोपुर निवासी तेजप्रताप यादव उर्फ तेजा (21 वर्ष) और रविन्द्र कुमार (22 वर्ष) के रूप में हुई है। अपराधियों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वे मालसलामी से आ रहे एक व्यापारी से करीब एक लाख रुपये लूटने की योजना बना रहे थे। पुलिस ने इनके पास से निम्नलिखित सामान बरामद किया है।  जिसमे एक देसी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस (315 बोर), दो स्मार्टफोन, एक ग्लैमर मोटरसाइकिल शामिल  है। 

पुराना आपराधिक इतिहास और जेल रवानगी

एसडीपीओ अवधेश कुमार के अनुसार, गिरफ्तार अपराधियों का पहले से ही आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। इनके खिलाफ राघोपुर (रुस्तमपुर ओ.पी.) थाने में कई गंभीर मामले दर्ज हैं। दीदारगंज पुलिस ने कांड संख्या 33/26 दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

रिपोर्ट- रजनीश