इस दौरे के लिए टीम इंडिया में वैभव सूर्यवंशी का चयन पक्का, सबसे कम उम्र में डेब्यू का इस खिलाड़ी का तोडेंगे रिकॉर्ड

आईपीएल 2026 में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से तहलका मचाने वाले वैभव सूर्यवंशी को भारतीय चयनकर्ता आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में मौका दे सकते हैं।

इस दौरे के लिए टीम इंडिया में वैभव सूर्यवंशी का चयन पक्का, स

Patna - जून 2026 में भारत के आयरलैंड दौरे के लिए वैभव सूर्यवंशी के चुने जाने की संभावना है। यदि वह चुने गए तो देश का प्रतिनिधित्व करने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बनेंगे। इंडियन एक्सप्रेस को मिली जानकारी के अनुसार, चयनकर्ता 15 साल के इस खिलाड़ी को इंग्लैंड के व्हाइट-बॉल दौरे से ठीक पहले होने वाली इस छोटी T20I सीरीज में बड़ा मौका दे सकते हैं। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सूत्र ने इसकी पुष्टि की। सूत्र ने बताया, ‘‘वह आयरलैंड दौरे के लिए दावेदारों में शामिल है और चयनकर्ताओं ने कई अन्य खिलाड़ियों के साथ उसका नाम भी शॉर्टलिस्ट किया है।’’

बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने पिछले सीजन दुनिया के कुछ बेहतरीन गेंदबाजों की जमकर धुनाई की थी। इस साल भी वह उसी लय में खेल रहे हैं। वैभव सूर्यवंशी ने इस सीजन अब तक रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ 26 गेंदों में 78 रन, चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 17 गेंदों में 52 रन और मुंबई इंडियंस के खिलाफ 14 गेंदों में 39 रन बनाए हैं। वह बड़े नामों से बिल्कुल भी घबराते हुए नहीं दिखते। उन्होंने जसप्रीत बुमराह (जिन्हें पहली ही गेंद पर छक्का जड़ा था) और जोश हेज़लवुड जैसे गेंदबाजों का भी पूरे आत्मविश्वास के साथ सामना किया।

जिम्बाब्वे दौरे के लिए भी चुने जा सकते हैं वैभव सूर्यवंशी

राष्ट्रीय चयनकर्ता इस युवा खिलाड़ी को भारतीय टीम में शामिल करने के लिए ज्यादा इंतजार करने के मूड में नहीं हैं, लेकिन संभावना है कि वे उसे थोड़ी कमजोर टीम के खिलाफ खेलने का मौका देंगे। अगरवैभव सूर्यवंशीका शानदार रन बनाने का सिलसिला जारी रहता है तो चयन समिति उसे आयरलैंड में होने वाली आगामी सीरीज के साथ-साथ इस साल के अंत में होने वाले जिम्बाब्वे दौरे के लिए भी चुनेगी।

इस युवा खिलाड़ी को बोर्ड के एक शीर्ष अधिकारी से पहले ही भरोसे का वोट मिल चुका है। IPL चेयरमैन अरुण धूमल ने X पर लिखा, ‘‘इस @IPL 2026 सीजन में वैभव सूर्यवंशी ने बल्लेबाजी का क्या जबरदस्त प्रदर्शन किया है। यह होनहार खिलाड़ी निश्चित रूप से टीम इंडिया (@BCCI) के लिए सबसे कम उम्र के खिलाड़ी के तौर पर डेब्यू करने का हकदार है। ऐसा मौका कम ही मिलता है जब आप किसी इतने प्रतिभाशाली और इतने ज्यादा युवा खिलाड़ी को चुन सकें। निश्चित रूप से उसका नाम भारत के लिए सबसे कम उम्र के डेब्यू करने वाले खिलाड़ी के तौर पर दर्ज होना चाहिए।’’

यहां तक कि भारत के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान ने भी राष्ट्रीय चयनकर्ताओं से कहा है कि वे देर न करें और वैभव सूर्यवंशी को तुरंत टीम में चुन लें। सचिन तेंदुलकर भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले सबसे कम उम्र के पुरुष क्रिकेटर हैं। सचिन तेंदुलकर ने 1989 में कराची में पाकिस्तान के खिलाफ अपना टेस्ट डेब्यू 16 साल और 205 दिन की उम्र में किया था।

वैभव तोड़ सकते हैं शेफाली वर्मा का रिकॉर्ड

पुरुष और महिला क्रिकेट दोनों की बात करें तो शेफाली वर्मा भारत के लिए खेलने वाली सबसे कम उम्र की क्रिकेटर हैं। शेफाली ने 15 साल, सात महीने और 27 दिन की उम्र में इंटरनेशनल डेब्यू किया था। अगर वैभव सूर्यवंशी आयरलैंड दौरे पर खेलते हैं तो वह शेफाली का रिकॉर्ड तोड़ देंगे।

भारत बनाम आयरलैंड टी20 इंटरनेशल सीरीज के दो मैच 26 और 28 जून 2026 को होने हैं। पता चला है कि IPL 2026 के खत्म होने के एक महीने से भी कम समय के भीतर होने वाली इस सीरीज के लिए दूसरी श्रेणी की टीम चुनी जाएगी। चयन समिति वैभव सूर्यवंशी और हाल के समय में अपनी छाप छोड़ने वाले अन्य खिलाड़ियों को इस सीरीज में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का अनुभव देने के लिए उत्सुक है।