खूनी 'इश्क': कसाई बना प्रेमी देवर, प्रेग्नेंट भाभी की गला घोंटकर हत्या, फिर खुद ही पुलिस को फोन कर रचा साजिश का स्वांग!

बिहार के वैशाली में दिल दहला देने वाली वारदात। बेलसर के मौना विसनपुर में प्रेमी देवर साहिल पटेल ने 3 महीने की प्रेग्नेंट भाभी राधा कुमारी की गला दबाकर हत्या की।

खूनी 'इश्क': कसाई बना प्रेमी देवर, प्रेग्नेंट भाभी की गला घो

Vaishali - : बिहार के वैशाली जिले से मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक वारदात सामने आई है। बेलसर थाना क्षेत्र के मौना विसनपुर गाँव में एक कलयुगी देवर ने अपनी ही गर्भवती प्रेमिका (भाभी) की बेरहमी से हत्या कर दी। दुस्साहस की पराकाष्ठा देखिए कि हत्या के बाद खुद ही पुलिस को फोन कर गुमराह करने की कोशिश की और हत्या का आरोप मृतका के ससुराल वालों पर मढ़ने का खेल रचा।

अकेले पाकर मासूम जान के साथ दरिंदगी

मृतका की पहचान दीपक पटेल की पत्नी राधा कुमारी (26 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मुजफ्फरपुर के कुढ़नी थाना क्षेत्र की रहने वाली थी। राधा के पति दीपक पुणे में रहकर मजदूरी करते हैं। बताया जा रहा है कि जब घर के बुजुर्ग खेत में गेहूँ काटने गए थे, तभी सूना घर पाकर पड़ोसी देवर साहिल पटेल वहां पहुँचा। मृतका के जीजा महेश पटेल ने आरोप लगाया कि साहिल ने पहले राधा के साथ जोर-जबरदस्ती की और नाकाम होने पर रस्सी से उसका गला घोंट दिया। राधा 3 महीने की गर्भवती थी और उसके दो मासूम बच्चे भी हैं।

अवैध संबंधों की खूनी परिणति

जानकारी के अनुसार, राधा और साहिल पटेल के बीच लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस बात को लेकर पहले भी विवाद हुआ था, जिसे सामाजिक पंचायत के जरिए सुलझा लिया गया था। लेकिन आरोपी के सिर पर खून सवार था। हत्या के बाद आरोपी ने सदर एसडीपीओ 2 को फोन कर यह दावा किया कि ससुराल वालों ने उसकी हत्या कर दी है, ताकि वह खुद को बचा सके।

क्या कहती है पुलिस?

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुँचकर जांच शुरू कर दी है। सदर एसडीपीओ 2 गोपाल मंडल ने बताया कि मृतका के गले पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। "मौना बिशुनपुर में मृतका राधा कुमारी का शव मिला है। गले पर इंजरी के निशान पाए गए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। मायके वालों की शिकायत और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।" — गोपाल मंडल, सदर एसडीपीओ 2

मायके वालों का रो-रोकर बुरा हाल

मुजफ्फरपुर से पहुंचे मृतका के माता-पिता और भाई का बुरा हाल है। परिजनों का कहना है कि उन्होंने 7 साल पहले अपनी बेटी की शादी बड़े अरमानों के साथ की थी, लेकिन उन्हें क्या पता था कि उनका पड़ोसी और रिश्तेदार ही उनकी बेटी और उसके गर्भ में पल रहे मासूम का हत्यारा बन जाएगा। फिलहाल पुलिस आरोपी साहिल पटेल की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

Report - Rishav kumar